हरियाणा के हिसार में गुरुवार सुबह एक चलती स्कूल बस का टायर सड़क में धंस गया। यह बस बच्चों से भरी हुई थी। इसमें करीब 50 बच्चे सवार थे। बस का पहिया धंसने से बच्चों को जोरदार झटका लगा।

हादसे के समय बस में अफरा-तफरी मच गई। इसे देखते हुए ड्राइवर ने बच्चों को तुरंत बस से उतार दिया। मामले की सूचना स्कूल के संचालक और बच्चों के परिजनों को दी गई।

जलभराव के चलते यह स्कूल बंद रखा गया था। सोमवार को ही बच्चे स्कूल आना शुरू हुए थे।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा धांसू-बुगाना रोड पर हुआ। लक्ष्य पब्लिक स्कूल के संचालक रमेश कुमार ने बताया कि बस रोजाना बुगाना गांव से बच्चे लेकर धांसू आती है। यह बस धांसू में बनी ढाणियों से भी बच्चों को लेकर जाती है।

उन्होंने बताया- रोजाना की तरह बस आज सुबह भी निकली थी और स्कूल की ओर जा रही थी। इसी दौरान रोड के बीच सफेद पट्‌टी के पास बस का पिछला टायर सड़क में धंस गया। ड्राइवर ने तुरंत बच्चों को बस से उतार दिया था। हमारे स्कूल के सभी बच्चे सुरक्षित हैं। किसी को खरोच तक नहीं आई है।

वहीं, ग्रामीणों ने बताया है कि इस हादसे में पूरी बस के ड्राइवर की लापरवाही है। उन्होंने बताया कि सड़क पहले से टूटी हुई थी। बारिश और जलभराव के कारण सड़क कमजोर हुई थी और टूट गई थी। इसमें छोटा सा गड्ढा था।

इससे कोई हादसा न हो, इसलिए लोगों ने इसके चारों और ईंटें रख दी थीं और गड्‌ढे को चिह्नित करने के लिए उसमें घास-फूंस भी लगा रखा था।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल बस के ड्राइवर ने उस गड्‌ढे को अनदेखा किया और उसी में से बस को निकालने की कोशिश की। इसलिए यह हादसा हुआ। बस का पहिया धंसने से वह छोटा सा गड्‌ढा भी बड़ा हो गया है।

हाल ही में जिले में जलभराव के कारण स्कूल बंद हुए थे। सोमवार को ही स्कूल ओपन हुए थे। इसमें लक्ष्य पब्लिक स्कूल भी ओपन हुआ था, लेकिन स्कूल खुलने के 4 दिन के अंदर ही यह हादसा हो गया।

हादसे के बाद स्कूल प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गया और बच्चों को दूसरी बस में बैठाकर स्कूल भेज दिया। स्कूल संचालक रमेश कुमार ने बताया कि परिजनों को हादसे के बारे में बता दिया है। सभी बच्चे सुरक्षित हैं और अपनी-अपनी कक्षाओं में पढ़ने चले गए हैं।

बता दें कि हिसार में जिला प्रशासन ने जलभराव वाले 101 स्कूलों को बंद किया हुआ है। जलभराव के कारण सड़कें टूट गई हैं या कमजोर हो गई हैं। ऐसे में बसों व अन्य वाहनों के धंसने व हादसे की आशंका बनी हुई है।

दरअसल, जिस लिंक रोड पर बस दौड़ रही थी, वह पीडब्ल्यूडी विभाग का 18 फुट का रोड है। स्कूल प्रशासन की ओर से ज्यादा बच्चों को भरने के लिए 52 सीटर क्षमता वाली हैवी बस चलाई जा रही है। जबकि, बारिश के कारण सड़कें कमजोर हो गई हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के किनारे लगाई जाने वाली मिट्‌टी बारिश के कारण बह गई है। सड़कों के नीचे से पानी ने अपना रास्ता बना लिया था। इसके कारण सड़कें काफी कमजोर हैं। ऐसे में भारी वाहन जब गुजरते हैं तो हादसे का डर बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!