हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां जूता और गद्दा बनाने वाली दो अलग-अलग फैक्ट्रियों में अचानक भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड की चपेट में आकर दो मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं. दोनों को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले प्लॉट नंबर 261 में स्थित ‘शांति इंटरप्राइजेज’ नाम की गद्दा फैक्ट्री में भड़की. अंदर भारी मात्रा में गद्दे और अन्य अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया. देखते ही देखते लपटों ने पड़ोस के प्लॉट नंबर 262 में स्थित जूता फैक्ट्री को भी अपनी जद में ले लिया. कुछ ही देर में फैक्ट्रियों से उठने वाले काले धुएं के गुबार से पूरा इलाका घिर गया.

इस हादसे में झुलसे दोनों मजदूर घटना के वक्त गद्दा फैक्ट्री के भीतर ही काम कर रहे थे. घायलों की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी मोनू और कानपुर निवासी दीपक के रूप में हुई है. हादसे के तुरंत बाद दोनों को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया था. हालांकि, उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई रोहतक भेज दिया.

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ फायर स्टेशन की गाड़ियां आनन-फानन में मौके पर पहुंच गईं. लेकिन आग इतनी भयानक थी कि स्थानीय दमकल वाहनों से इसे काबू करना मुश्किल हो रहा था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झज्जर, रोहतक और दिल्ली से भी दमकल विभाग की अतिरिक्त गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया. दमकल कर्मी कई घंटे से आग पर पूरी तरह काबू पाने की कड़ी मशक्कत कर रहे हैं. फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. प्रशासन और दमकल विभाग का कहना है कि आग पूरी तरह से शांत होने और कूलिंग प्रक्रिया के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!