हरियाणा के नूंह जिले में पंजाब की एक युवती के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन के दबाव का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने दावत के बहाने उसे एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया। आरोप है कि आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया और करीब डेढ़ लाख रुपए भी ऐंठ लिए।
युवती ने बताया कि 20 मार्च को आरोपी उसे अपने गांव ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया गया और उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
शनिवार रात पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से भाग निकली और सीधे फिरोजपुर झिरका थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। साथ ही ‘हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ अनलॉफुल कन्वर्जन ऑफ रिलिजन एक्ट 2022’ के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। सामाजिक संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मेवात क्षेत्र में इससे पहले भी जबरन धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं, जिससे यह मामला और गंभीर माना जा रहा है।

