Kurukshetra University के कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन डिपार्टमेंट की लैब में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब लैब में लगे एयर कंडीशनर यानी AC में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके के तुरंत बाद लैब में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा कमरा धुएं से भर गया।

घटना के समय लैब में करीब 25 छात्र प्रैक्टिकल परीक्षा दे रहे थे। तेज धमाके की आवाज सुनते ही छात्रों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि विभाग के स्टाफ ने तुरंत सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

विभाग के HOD प्रोफेसर चंद्रकांत ने बताया कि प्रैक्टिकल के दौरान अचानक AC में ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैलने लगी। उन्होंने और स्टाफ ने तुरंत लैब खाली करवाई और फायर ब्रिगेड व यूनिवर्सिटी सिक्योरिटी को सूचना दी।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने पहले फायर एग्जीक्यूटर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बढ़ती देख फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। करीब आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक लैब में रखा काफी सामान जल चुका था। आग की वजह से AC, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह खराब हो गए। घटना के बाद पूरी लैब धुएं से भर गई थी और छात्रों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रो. चंद्रकांत के मुताबिक शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट और भीषण गर्मी को हादसे की वजह माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि लैब में लगे कुछ AC काफी पुराने थे और हाल के दिनों में कई AC खराब भी हुए थे। लगातार बढ़ते लोड के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन और सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं हादसे के बाद जिन छात्रों का प्रैक्टिकल बाकी था, उन्हें दूसरी लैब में भेजकर परीक्षा पूरी करवाई गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!