करनाल। जिले के गांव सिंगड़ा में बुधवार दोपहर से लापता दो साल के मासूम एकांश का शव गुरुवार को गांव के गंदे तालाब में मिला। गोताखोरों की टीम ने तलाश अभियान के दौरान बच्चे का शव बाहर निकाला। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बुधवार दोपहर से लापता था बच्चा

जानकारी के अनुसार, गांव सिंगड़ा निवासी दो वर्षीय एकांश बुधवार दोपहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। बच्चे के नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और घर के आसपास तथा गांव के अलग-अलग स्थानों पर बच्चे की तलाश की गई।

पुलिस और खोजी कुत्तों की टीम ने चलाया अभियान

निसिंग थाना प्रभारी ईश्वर सिंह के अनुसार, बुधवार दोपहर कंट्रोल रूम से बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बच्चे के पिता लालचंद से बातचीत की और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। तलाश अभियान में खोजी कुत्तों की टीम की मदद भी ली गई, लेकिन रात तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।

रात 11 बजे बुलाए गए गोताखोर

परिजनों को आशंका थी कि बच्चा घर के पास बने जोहड़ या तालाब में गिर गया होगा। इसके बाद रात करीब 11 बजे गोताखोर प्रगट सिंह को बुलाया गया। रात में तालाब में तलाश की गई, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका।

गुरुवार सुबह फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया। इस दौरान डीएसपी संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश में जुटी रही। दोपहर को तालाब से एकांश का शव बरामद हुआ।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी मौत की वजह

थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर करनाल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मासूम की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!