कैथल जिले के गांव सुल्तानियां में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब किशोर गांव से दूध लेकर अपने घर लौट रहा था। घटना के बाद आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूध लेने गया था किशोर

गांव सुल्तानियां निवासी कुलवंत राम ने गुहला थाना में दी शिकायत में बताया कि वह गांव के बाहर डेरे में रहता है। उसके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा था। छह मई को उसका बेटा शमशेर सिंह मोटरसाइकिल पर दूध लेने के लिए गांव गया था।

गुहला की तरफ से आई कार ने मारी टक्कर

शिकायत के अनुसार, जब शमशेर सिंह दूध लेकर वापस घर लौट रहा था, तभी गुहला की तरफ से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में शमशेर गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन और ग्रामीण घायल किशोर को तुरंत सरकारी अस्पताल गुहला लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

गुहला थाना के जांच अधिकारी रामचंद्र ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!