रोहतक बस स्टैंड पर शनिवार को प्राइवेट बस संचालक व रोडवेज कर्मचारी आमने-सामने हो गए। प्राइवेट बस संचालकों का कहना था कि उन्हें बसें लगाने के लिए 6 नंबर काउंटर दिया जाए, जबकि रोडवेज कर्मियों का कहना था कि हांसी-महम रूट की बसें 7 नंबर काउंटर पर लगेंगी। इसको लेकर करीब दो घंटे तक हंगामा चला।

स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को भी मौके पर ही बुलाना पड़ा। पुलिस ने भी मामले को सुलझाने का प्रयास किया। रोडवेज कर्मचारियों ने प्राइवेट बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं प्राइवेट बस संचालकों का कहना है कि वे सोमवार को अधिकारियों से मिलेंगे। ताकि उनके साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई हो और बसों को 6 नंबर काउंटर पर लगाने की अनुमति मिले।

हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के डिपो प्रधान दीपक हुड्‌डा ने कहा कि समिति की बस संचालकों ने बस स्टैंड पर हंगामा व गुंडागर्दी की। बस स्टैंड पर आकर बसों के संचालकों ने सिरसा, बीकानेर और हनुमानगढ़ आदि रूट के काउंटर पर हांसी-महम रूट की प्राइवेट बसों को लगाया। जबकि हांसी-महम आदि छोटे रूट की बसों को लगाने के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि प्राइवेट बस संचालकों ने लंबे रूट वाले काउंटर पर बसें लगाई। जिसकी सूचना स्टैंड इंचार्ज ने एसएस को दी। साथ ही रोडवेज कर्मचारी व अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिस पर प्राइवेट बस संचालकों ने यूनियन नेताओं व अधिकारियों की बदली करवाने की धमकी दी। पुलिस के सामने ही प्राइवेट बस संचालकों ने जबरदस्ती की।

डिपो प्रधान राजेश पंघाल मायना ने कहा कि महम-हांसी रूट की प्राइवेट गाड़ियां 7 नंबर काउंटर से जाती थी, लेकिन शनिवार को प्राइवेट बस संचालकों ने अचानक 6 नंबर काउंटर पर अपनी बसें लगा ली। वह स्टैंड इंचार्ज व एसएस के कहने से भी नहीं माने। जिसके बाद रोडवेज कर्मचारियों ने प्राइवेट बसों को हटवाया। इस पर प्राइवेट बस संचालकों ने धमकी दी।

रोडेवेज के स्टेशन सुपरवाइजर (SS) जयवीर हुड्‌डा ने कहा कि 6 नंबर बूथ लंबे रूट की बसों के लिए बनाया गया है और 7 नंबर बूथ महम व हांसी सहित अन्य छोटे रूट की बसों के लिए निर्धारित है। इसलिए जो प्राइवेट बस हांसी व महम जाती है, उनके लिए 7 नंबर बूथ है। लेकिन वे 6 नंबर पर लंबे रूट वाली बसों वाले बूथ पर बस लगा रहे हैं। जिसके लिए उन्हें मना किया तो वे हंगामा करने लगे।

कर्मचारिओं का कहना है की प्राइवेट बस मालिकों की गुंडागर्दी के कारण घंटो तक बस स्टैंड परिसर में भय का माहौल बना रहा और यात्रियों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ा इस प्रकार की घटना से रोडवेज व पुलिस प्रशासन की कमजोरी का भी भंडाफोड़ हुआ है| इस प्रकार की प्रशासन की ढिलाई से रोडवेज विभाग की बदनामी हुई है।

रोडवेज के कर्मचारियों ने अल्टीमेटम जारी किया यदि एक भी बस काउंटर नंबर 6 पर हिसार फतेहाबाद सिरसा वाले काउंटर पर अगर कोई भी प्राइवेट बस लगाकर यात्रियों को ले जाया गया तो रोडवेज का एक-एक कर्मचारी गेट बंद करने का कार्य करेगा और राज्य सांझा मोर्चा को अवगत करा कर किसी भी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा जिसकी पूर्ण जिम्मेवारी पुलिस प्रशासन व रोडवेज प्रशासन की होगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!