जींद, 20 नवंबर। हरियाणा के जींद में सरकारी नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में जान गंवाने वाली छात्रा शिवानी के मामले में नया खुलासा हुआ है। छात्रा की मौत के बाद सामने आए सुसाइड नोट में उसने राजस्थान निवासी अपने इंस्टाग्राम फ्रेंड दीपक मीणा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा ने लिखा कि युवक उसे गलत काम करने के लिए दबाव बनाता था और मना करने पर वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट उसके पिता को भेजने की धमकी देता था।

छात्रा ने सुसाइड नोट में दीपक की दोस्त नीतू मीणा पर भी उसे परेशान करने और इस पूरे मामले में साथ देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट और पिता की शिकायत के आधार पर दीपक मीणा और नीतू मीणा के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2023 में इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

सुसाइड नोट के अनुसार, शिवानी की वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। छात्रा ने लिखा कि युवक ने उससे इंस्टाग्राम ID का पासवर्ड मांगा था, जो उसने दे दिया। इसके बाद युवक को उसके पिता का मोबाइल नंबर मिल गया। उसके पास दोनों की वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट भी थे।

स्क्रीनशॉट भेजने की धमकी देकर करता था ब्लैकमेल

छात्रा ने आरोप लगाया कि युवक उसे गलत काम करने के लिए दबाव बनाता था। जब वह मना करती तो वह स्क्रीनशॉट उसके पिता को भेजने की धमकी देता था। छात्रा के मुताबिक, उसने एक बार युवक से बातचीत बंद कर दी थी, लेकिन इसके बाद उसने उसके पिता को फोन कर दिया।

सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा कि पिता ने युवक की बातों पर विश्वास कर लिया था, जिसके कारण उसकी लाइब्रेरी भी बंद करवा दी गई थी। बाद में उसने किसी तरह पिता का विश्वास दोबारा जीता और कॉलेज में दाखिला लिया।

हॉस्टल में आने के बाद बढ़ गई थीं परेशानियां

छात्रा ने लिखा कि कॉलेज में दाखिला लेने और हॉस्टल में रहने के बाद भी युवक उसे परेशान करता रहा। वह लगातार धमकियां सहन कर रही थी।

सुसाइड नोट के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को युवक की दूसरी गर्लफ्रेंड बताने वाली एक युवती का फोन आया। उसने शिवानी को बताया कि दीपक कई लड़कियों से बातचीत करता है। शिवानी ने उस युवती की बातों पर विश्वास कर लिया। हालांकि, छात्रा ने आरोप लगाया कि नीतू मीणा भी उसे गुमराह कर रही थी और दोनों मिलकर उसे परेशान कर रहे थे।

सुसाइड नोट में लिखा- अब और सहन नहीं हो रहा

शिवानी ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि उसने हालात से निकलने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वह लगातार मानसिक दबाव में थी। उसने अपनी परेशानी का जिक्र करते हुए लिखा कि अब उससे और सहन नहीं हो रहा है।

18 नवंबर की रात हॉस्टल में मिली थी मृत

झज्जर जिले के कुजियां गांव निवासी अशोक कुमार की बेटी शिवानी सफीदों के सरकारी नर्सिंग कॉलेज में GNM प्रथम वर्ष की छात्रा थी। 18 नवंबर की रात कॉलेज की ओर से उसके पिता को फोन आया कि शिवानी की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।

इसके बाद पिता ने सफीदों के पास रहने वाले अपने साले सावन को अस्पताल पहुंचने के लिए कहा। रात करीब 12 बजे SHO ने भी पिता को जल्द पहुंचने के लिए फोन किया। करीब तीन घंटे बाद जब पिता अस्पताल पहुंचे तो शिवानी की मौत हो चुकी थी। बाद में पता चला कि उसने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाई थी।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिवार ने अपने पैतृक गांव कुजियां में अंतिम संस्कार किया।

दीपक और नीतू के खिलाफ केस दर्ज, मोबाइल नंबर बंद

सदर थाना SHO सतीश के अनुसार, छात्रा के पास से सुसाइड नोट मिला था, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। पिता की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर दीपक मीणा और नीतू मीणा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में दोनों के मोबाइल नंबर भी लिखे मिले हैं। इन नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों फोन बंद मिले। पुलिस अब दूसरे माध्यमों से आरोपियों तक पहुंचने और छात्रा को कथित रूप से ब्लैकमेल किए जाने के पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!