पंचकूला। पंचकूला के सरकारी स्कूल में 6 साल की बच्ची के साथ मारपीट करने वाले 8 वर्षीय छात्र की मेडिकल असेसमेंट रिपोर्ट में अहम खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चा कंडक्ट डिसऑर्डर और अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर (ADHD) से पीड़ित है। डॉक्टरों ने उसे नियमित निगरानी, इलाज और बिहेवियरल थेरेपी की जरूरत बताई है।

चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) के तीन डॉक्टरों के पैनल ने बच्चे की मानसिक स्थिति का आकलन किया। रिपोर्ट में उसका IQ सामान्य पाया गया है, लेकिन भावनात्मक सहारे की कमी और अनुशासन संबंधी निर्देशों को सजा समझने जैसी बातें सामने आई हैं।

मेडिकल रिपोर्ट में सामने आईं 4 अहम बातें

1. तीन डॉक्टरों ने तैयार की रिपोर्ट

बच्चे की मेंटल असेसमेंट रिपोर्ट GMCH की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शिवांगी मेहता, सीनियर रेजिडेंट डॉ. राशिका शर्मा और क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. अर्चना शर्मा ने तैयार की है।

2. IQ सामान्य श्रेणी में

मनोवैज्ञानिक परीक्षण में बच्चे का फुल स्केल IQ स्कोर 102 आया है, जो सामान्य श्रेणी में है। उसकी सामान्य ज्ञान संबंधी समझ भी उम्र के हिसाब से ठीक पाई गई।

3. भावनात्मक सहारे की कमी

रिपोर्ट में कॉन्फ्लिक्ट असेसमेंट टेस्ट (CAT) के आधार पर सामने आया कि बच्चे को भावनात्मक सहारे की कमी महसूस होती है। वह अनुशासन संबंधी बातों और रोक-टोक को सजा के रूप में देखता है तथा ऐसे निर्देशों का विरोध करता है।

4. घटना के बारे में पूछने पर रहा चुप

31 अक्टूबर और 2 नवंबर को हुई जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि बच्चा बेहद चंचल है। माता-पिता से अलग होने पर भी वह सहज था, लेकिन बच्ची के साथ हुई मारपीट की घटना के बारे में पूछने पर उसने चुप्पी साध ली।

28 अक्टूबर को बच्ची के सिर पर मारी थी ईंट

यह घटना 28 अक्टूबर को पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में हुई थी। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 8 वर्षीय छात्र ने 6 साल की बच्ची पर हमला कर दिया था। आरोप है कि उसने बच्ची को हाथ-पैरों से पीटने के साथ सिर पर ईंट से कई वार किए थे।

मामले में सेक्टर-20 थाना पुलिस ने 30 अक्टूबर को BNS की धारा 115(2), 117(2) और 127(2) के तहत DDR दर्ज की थी। इसके बाद बच्चे को मेडिकल जांच के लिए GMCH-32 भेजा गया।

जेजेबी ने कहा था- बच्चे को सजा नहीं, देखभाल की जरूरत

जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) ने पिछले महीने बच्चे को जमानत देते हुए कहा था कि 8 साल के बच्चे को सजा देने के बजाय विशेष देखभाल, प्यार भरे माहौल और इलाज की जरूरत है।

बोर्ड ने माता-पिता को बच्चे का नियमित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला बाल संरक्षण इकाई को बच्चे की निगरानी करने और अगले तीन महीने तक हर महीने प्रोग्रेस रिपोर्ट देने को कहा है।

क्या है ADHD और कंडक्ट डिसऑर्डर?

ADHD: इसमें बच्चे को एक जगह बैठने में परेशानी हो सकती है। वह जरूरत से ज्यादा चंचल हो सकता है, सवाल पूरा होने से पहले जवाब देने की कोशिश कर सकता है और कई बार चीजें भूल सकता है।

कंडक्ट डिसऑर्डर: इसमें बच्चे के व्यवहार में गंभीर समस्याएं दिखाई दे सकती हैं। रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने बताया कि ऐसे व्यवहार में झूठ बोलना, चोरी करना, स्कूल से बचना या दूसरे बच्चों के साथ झगड़ा करना शामिल हो सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों के व्यवहार पर आनुवंशिक कारणों के साथ-साथ घर का माहौल और आसपास का व्यवहार भी असर डाल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!