नई दिल्ली। दिवाली का त्योहार खत्म होते ही आम लोगों को महंगाई का नया झटका लगने वाला है। इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों के सामान तक कंपनियां कीमतें बढ़ाने की तैयारी में हैं। स्मार्टफोन और टैबलेट 18% तक महंगे हो चुके हैं, जबकि टीवी, फ्रिज और अन्य घरेलू उपकरणों की कीमतों में भी बढ़ोतरी शुरू हो गई है। वहीं बिस्किट के पैकेट छोटे होने और नमक, सॉस व मसालों के दाम बढ़ने से आम परिवारों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
स्मार्टफोन और टीवी की कीमतों में बड़ा उछाल
सैमसंग और शाओमी ने अपने स्मार्टफोन व टैबलेट की कीमतों में 18% तक बढ़ोतरी की है। शाओमी ने टीवी की कीमतों में भी 7% तक इजाफा किया है। इसके अलावा हायर और गोदरेज ने घरेलू उपकरणों की कीमतों में 7% तक बढ़ोतरी की है।
कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल की बढ़ती कीमतें, मेमोरी चिप्स की कमी और माल ढुलाई का खर्च बढ़ने से लागत लगातार बढ़ रही है।
बिस्किट के पैकेट छोटे, नमक-मसाले भी महंगे
महंगाई का असर अब रोजमर्रा की खाने-पीने की चीजों पर भी पड़ रहा है। रिफाइंड पाम ऑयल, चीनी, दूध और पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में पिछली तिमाही में करीब 7% तक बढ़ोतरी हुई है।
ब्रिटानिया 5 और 10 रुपये वाले पैकेटों की कीमतें बढ़ाने के साथ पैकेट का वजन घटाने की तैयारी में है। टाटा कंज्यूमर ने नमक, सॉस और मसालों के दाम बढ़ा दिए हैं, जिनकी नई कीमतें जल्द बाजार में दिखाई देंगी।
फ्रिज और अन्य घरेलू सामान भी होंगे महंगे
फ्रिज और दूसरे घरेलू उपकरणों की कीमतों पर भी बढ़ती लागत का असर पड़ रहा है। कंपनियों को महंगे कच्चे माल और माल ढुलाई के खर्च का सामना करना पड़ रहा है। इसी कारण आने वाले दिनों में इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
दिवाली तक कंपनियों ने रोकी थी कीमतों में बढ़ोतरी
कंपनियों ने फेस्टिव सीजन के दौरान बिक्री बनाए रखने के लिए कीमतों में बढ़ोतरी को टाल दिया था। अब त्योहार खत्म होने के बाद बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डालने की तैयारी है।
कई कंपनियों ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में लागत बढ़ने के कारण मुनाफे पर दबाव झेलने की बात कही थी। अब कीमतें बढ़ाकर मार्जिन सुधारने की कोशिश की जा रही है।
AI की मांग से महंगे हुए चिप्स
स्मार्टफोन और टीवी महंगे होने की बड़ी वजह मेमोरी चिप्स की बढ़ती कीमतें हैं। AI इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग बढ़ने से चिप्स की सप्लाई प्रभावित हो रही है।
वहीं फ्रिज और घरेलू उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतें तथा ट्रांसपोर्ट खर्च भी बढ़े हैं। FMCG कंपनियों को तेल, चीनी, दूध और पैकेजिंग सामग्री की महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।
अगले 7-10 दिनों में और बढ़ सकते हैं दाम
इंडस्ट्री के अनुमान के मुताबिक आने वाले 7 से 10 दिनों में अन्य इलेक्ट्रॉनिक ब्रांड भी कीमतें बढ़ा सकते हैं। इस साल कुल मिलाकर स्मार्टफोन 40% से अधिक, टीवी 20% से अधिक और घरेलू उपकरण 15 से 20% तक महंगे होने का अनुमान जताया गया है।
महंगाई का असर बिक्री पर भी दिख रहा है। मोबाइल रिटेलर्स के मुताबिक दिवाली के बाद मोबाइल फोन की बिक्री में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में करीब 40% गिरावट आई है। वहीं दिवाली के दौरान भी बिक्री में सालाना आधार पर लगभग 20% कमी दर्ज की गई थी।
क्या है ग्रामेज रिडक्शन यानी Shrinkflation?
जब कंपनियां किसी सामान की कीमत वही रखती हैं, लेकिन पैकेट में सामान की मात्रा या वजन कम कर देती हैं, तो इसे ग्रामेज रिडक्शन या Shrinkflation कहा जाता है। उदाहरण के तौर पर 10 रुपये का बिस्किट पैकेट पहले जितने वजन का मिलता था, अब उसी कीमत पर कम बिस्किट मिल सकते हैं। यानी ग्राहक को कीमत सीधे बढ़ी हुई नजर नहीं आती, लेकिन उसे कम सामान मिलता है।
महंगाई का यह नया दौर मोबाइल, टीवी खरीदने से लेकर रसोई के सामान तक आम आदमी के बजट को प्रभावित कर सकता है।

