रोहतक, 13 नवंबर। लोकतंत्र में जनता की सबसे बड़ी ताकत उसका वोट है, लेकिन यदि मतदाता सूची से ही नाम गायब होने लगें तो चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। इसी मुद्दे को लेकर सीनियर सिटीजन क्लब में आयोजित वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल अभियान में सांसद सतपाल ब्रह्मचारी और विधायक भारत भूषण बत्रा ने चुनाव प्रक्रिया, वोटों की कथित हेराफेरी और मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर सरकार और चुनाव आयोग को घेरा।
रोहतक प्रभारी सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि ज्ञानेश कुमार जैसे व्यक्ति मुख्य चुनाव आयुक्त बने हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के चुनावों में कई सीटों पर जीत का अंतर बेहद कम रहा। जिन सीटों पर जीत का अंतर 50 हजार से अधिक होना चाहिए था, वहां कहीं कांग्रेस प्रत्याशी 5 हजार तो कहीं महज 1300 वोटों से जीता। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतगणना से जुड़े सवालों को गंभीरता से लिया जाना स्वाभाविक है।
ब्रह्मचारी ने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर जो विवाद सामने आए हैं, वे किसी से छिपे नहीं हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूरी ताकत के साथ देश के सामने वोट चोरी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने सोनीपत की राई विधानसभा का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही कमरे में 50 वोट दर्ज होने का मामला सामने आया। उन्होंने सवाल किया कि जब चुनावी प्रक्रिया पर इतने गंभीर सवाल उठ रहे हैं तो उनका जवाब देना किसकी जिम्मेदारी है? ब्रह्मचारी ने हुड्डा के आवास के सामने सत्ता पक्ष की ओर से किए गए पैदल मार्च पर भी सवाल उठाए।
विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि आज अगर लोकतंत्र खतरे में है तो उसके कारणों को समझना होगा। पिछली बार जो चूक हुई, उसे दोहराने की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए कहा कि प्रक्रिया का वास्तविक उद्देश्य मतदाता सूची को दुरुस्त करना है, लेकिन सवाल यह है कि जमीन पर क्या हो रहा है। बंगाल में 60 लाख वोट काटे जाने का मुद्दा सामने आया और वहां जो हुआ, वह सबने देखा है। बिहार में भी मतदाता सूची को लेकर सवाल उठे हैं। किसी भी पात्र नागरिक का वोट कटना उसे उसके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित करना है।
बत्रा ने कहा कि हरियाणा के चुनाव में भी जनता ने भाजपा की जात-पात के नारों और समाज को बांटने की राजनीति को देखा। उन्होंने चुनाव में ब्राजील मॉडल के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम आदमी को राहत देने के बजाय केवल आश्वासन मिल रहे हैं। उन्होंने फॉर्म-6 की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और कहा कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए।
कुलदीप केडी बोले- हर वार्ड तक पहुंचाएंगे वोट बचाओ अभियान
शहरी प्रधान कुलदीप केडी ने कहा कि वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगा। रोहतक के प्रत्येक वार्ड में चौपाल आयोजित कर लोगों को मतदाता सूची की जांच करने, अपने वोट का अधिकार सुरक्षित रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
बलवान सिंह रंगा बोले- गांव-गांव में मतदाता सूची की करेंगे निगरानी
ग्रामीण प्रधान बलवान सिंह रंगा ने कहा कि गांवों में भी मतदाता सूची को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक गांव में कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची की जांच करेंगे और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट से न कटे। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, युवा और बुजुर्ग सहित हर वर्ग के नागरिक का वोट उसके सम्मान और अधिकार का प्रतीक है। लोकतंत्र में जनता की आवाज को कमजोर करने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर इस अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
चौपाल को वार्ड और गांव तक ले जाने का संकल्प
कार्यक्रम में शहरी प्रधान कुलदीप केडी, ग्रामीण प्रधान बलवान सिंह रंगा, ब्लॉक प्रधान कपिल खन्ना, सुनील बल्ली सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने सांसद सतपाल ब्रह्मचारी और विधायक भारत भूषण बत्रा का फूलमालाओं और शॉल से स्वागत किया। पूर्व पार्षद कदम सिंह अहलावत ने मंच संचालन किया।
समापन पर शहरी प्रधान कुलदीप केडी ने अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि चौपाल अभियान को आगे गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में बार प्रधान एचएस हुड्डा, कांग्रेस डेलीगेट मोनू शर्मा, राजबहादुर शर्मा, पूर्व पार्षद कदम सिंह अहलावत, जगबीर राठी, मास्टर महादेव, संगीता सहरावत, निर्मल बल्हारा, गीता भारती, विकास गोयल अनुराग परवाना निर्मल चौधरी, सुनील बड़क, महावीर मलिक सुभाष रूहील मास्टर महावीर दांगी परीक्षित दुग्गल, प्रिंस मल्होत्रा, मुकेश श्योराण, प्रधान सूरजमल मलिक, चंदन मलिक, कटार सिंह हुड्डा, धर्मबीर हुड्डा, धर्मपाल मलिक, योगेंद्र बॉस, चंचल नांदल और डॉ. महेंद्र श्योराण सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
