हिसार। हरियाणा के हिसार में डाबड़ा चौक स्थित एक होटल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब होटल मालिक ने छत से छलांग लगा दी। घटना में होटल मालिक सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, होटल में ठहरे कुछ युवकों के साथ मोबाइल चोरी को लेकर होटल मालिक सचिन की कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद युवकों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दे दी।
बताया जा रहा है कि पुलिस के आने की सूचना मिलने के बाद होटल मालिक घबरा गए और उन्होंने होटल की छत से छलांग लगा दी। हालांकि, छलांग लगाने के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
होटल की छत पर चल रही थी शराब पार्टी
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल की छत का निरीक्षण किया। वहां एक टेबल पर शराब और बीयर की बोतलें रखी मिलीं। इसके अलावा शराब के गिलास भी आधे भरे हुए थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना के समय होटल की छत पर शराब पार्टी चल रही थी।
पुलिस ने कब्जे में लिया DVR और लैपटॉप
सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के लिए DVR और लैपटॉप को कब्जे में लिया है। पुलिस अब विवाद से लेकर छत से छलांग लगाने तक के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
शिकायत मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल अस्पताल से कोई आधिकारिक रूक्का प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत भी नहीं दी गई है। घायल होटल मालिक के बयान दर्ज होने और शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों के बयान सामने आने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।

