करनाल: हरियाणा के करनाल जिले के ब्याना गांव के 24 वर्षीय युवक तुषार कंबोज की ऑस्ट्रेलिया में सड़क हादसे में मौत हो गई। तुषार करीब 4 साल पहले बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के सपने लेकर स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया गया था। वहां वह पढ़ाई के साथ ट्रक ड्राइवर का काम भी कर रहा था। दो ट्रकों की भीषण टक्कर में उसकी जान चली गई।
पिता ने जमीन और पशुबाड़ा बेचकर भेजा था विदेश
तुषार के पिता राकेश कुमार पेशे से दर्जी हैं। उन्होंने बेटे को विदेश भेजने के लिए पशुबाड़ा बेच दिया और कर्ज भी लिया था। करीब 15 लाख रुपये खर्च करके 1 जनवरी 2022 को उसे ऑस्ट्रेलिया भेजा गया था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा वहां पढ़ाई पूरी कर अच्छी नौकरी करेगा और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारेगा।
ह्यूम हाईवे पर दो ट्रकों की टक्कर
परिजनों के मुताबिक, 30 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स स्थित ह्यूम हाईवे पर गनिंग के पास हादसा हुआ। स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 9 बजे तुषार का ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे से एक दिन पहले पिता से हुई थी बात
परिवार के लिए सबसे दुखद बात यह है कि 29 अक्टूबर को ही तुषार की घर पर फोन पर बात हुई थी। इस दौरान नए बन रहे मकान को लेकर चर्चा हुई थी। तुषार ने जनवरी 2027 में भारत लौटने की बात कही थी। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां भी चल रही थीं।
10 दिन में गांव पहुंचने की उम्मीद
तुषार के परिवार में मां, छोटा भाई, दादी और चाचा हैं। हादसे के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। ऑस्ट्रेलिया में उसके साथी पार्थिव शरीर को भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया में मदद कर रहे हैं। परिवार को करीब 10 दिन में शव गांव पहुंचने की उम्मीद है।
पिता राकेश कुमार ने सरकार से बेटे का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने में मदद करने की गुहार लगाई है।
जिस बेटे को बेहतर भविष्य के सपने के साथ विदेश भेजा था, उसकी शादी और घर वापसी का इंतजार अब कभी पूरा नहीं होगा। 🙏

