हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने एक ओर पुलिस विभाग में कांस्टेबल भर्ती के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) का शेड्यूल जारी कर दिया है। वहीं, ग्रुप C में बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से छूटे अभ्यर्थियों के लिए भी राहत की खबर है—उनका वेरिफिकेशन अब दोबारा कराया जाएगा।
यह पूरी प्रक्रिया 15 अप्रैल से पहले पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की है।
हरियाणा में कांस्टेबल के 5500 पदों के लिए करीब 2 लाख 70 हजार युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें बड़ी संख्या उन अभ्यर्थियों की है जिन्होंने वर्ष 2025 में CET ग्रुप-सी की परीक्षा दी थी।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का CET ग्रुप-सी 2025 परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पाया था और उन्होंने पुलिस भर्ती के लिए आवेदन किया है, उनका बायोमेट्रिक सत्यापन अब PMT से पहले कराया जाएगा।
उन्होंने साफ कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की दुविधा में पड़ने की जरूरत नहीं है। बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें PMT में शामिल किया जाएगा।

