विजयनगर। राधिका गार्डन, विजयनगर में रमेश चंद्र जी के द्वारा आयोजित साप्ताहिक श्री शिव महापुराण
कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। सावन मास के पावन अवसर पर आयोजित इस कथा में भगवान शिव की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया तथा श्रद्धालुओं को सनातन धर्म एवं धार्मिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कथा व्यास शिव मंदिर के पंडित श्री विष्णु उपाध्याय जी रहे। उनके द्वारा भगवान शिव की महिमा और शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए। भक्तों ने कथा का भरपूर आनंद लेते हुए धर्मलाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर वार्ड नंबर 20 के पार्षद श्री प्रवीण कौशिक भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कथा व्यास पंडित श्री विष्णु उपाध्याय जी का पगड़ी पहनाकर एवं फूल मालाओं से स्वागत किया तथा कथा का श्रवण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पार्षद प्रवीण कौशिक ने उपस्थित वार्डवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सावन के पावन महीने में शिव महापुराण कथा का श्रवण करना विशेष महत्व रखता है। धार्मिक कथाओं से हमें जीवन में सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है और व्यक्ति के सभी कार्य भगवान शिव की कृपा से पूर्ण होते हैं। उन्होंने वार्डवासियों से धर्म की राह पर चलने तथा सनातन संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सहयोग करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म हमें मानवता, सेवा, सदाचार और एक-दूसरे के सम्मान का संदेश देता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार अगले दिन हवन-यज्ञ के उपरांत भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ श्री शिव महापुराण कथा का विधिवत एवं पूर्ण समापन होगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!