हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक करीब 90 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक अपनी मामा की नाबालिग बेटी से शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि परिवार में इस रिश्ते को लेकर सहमति नहीं बन रही थी। इसके बाद युवक ने टावर पर चढ़कर अपनी बात मनवाने की कोशिश की।
मामा शादी के लिए तैयार, पिता का विरोध
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान तिगरा गांव निवासी अब्दुल करीम के बेटे कैफ के रूप में हुई है। कैफ अपनी मामा की बेटी से शादी करना चाहता है। बताया जा रहा है कि युवक का मामा इस रिश्ते के लिए तैयार है, लेकिन उसके पिता शादी के खिलाफ हैं।
कैफ के मामा का कहना है कि उन्हें अपने भांजे की जान प्यारी है। अगर इससे उसकी जान बचती है तो वह अपनी बेटी की शादी कैफ से करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, युवक के पिता इस रिश्ते के लिए सहमत नहीं हैं।
सुबह करीब 8 बजे टावर पर चढ़ा युवक
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे कैफ अचानक करीब 90 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने युवक को काफी समझाने और नीचे आने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
नाबालिग से शादी का मामला, पुलिस गंभीर
जिस लड़की से युवक शादी करना चाहता है, उसके नाबालिग होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में मामला सिर्फ पारिवारिक विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि नाबालिग से विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधान भी लागू हो सकते हैं।
सदर थाना फिरोजपुर झिरका के एसएचओ सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाया जा रहा है।
फिलहाल युवक मोबाइल टावर पर ही है। पुलिस और ग्रामीण उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं। युवक के नीचे आने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
