पंजाब के जीरकपुर के एक निजी बैंककर्मी और उनकी पत्नी ने कथित तौर पर नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। बैंककर्मी राजीव बाली का शव पंजाब के राजपुरा के पास भाखड़ा नहर से मिला, जबकि उनकी पत्नी नीरजा बाली का शव करीब 80 किलोमीटर दूर कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर स्थित सरस्वती फीडर नहर से बरामद हुआ। शुरुआती जांच में दोनों के आर्थिक दबाव में होने की बात सामने आई है।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब 22 जुलाई को राजपुरा में भाखड़ा नहर के पुल पर एक लावारिस कार खड़ी मिली। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 4 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप मिला। मोबाइल नंबरों के जरिए पता चला कि कार जीरकपुर निवासी बैंककर्मी राजीव बाली की है, जो 21 जुलाई को पत्नी नीरजा के साथ घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।

इसके बाद पंजाब पुलिस ने भाखड़ा नहर में सर्च अभियान शुरू किया। इसी दौरान राजपुरा के खेड़ी गांव के पास नहर से राजीव बाली का शव बरामद हुआ। परिजनों ने बताया कि उनके साथ पत्नी नीरजा भी थीं, जिसके बाद पुलिस ने दोबारा तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।

अगले दिन 23 जुलाई को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर के पास सरस्वती फीडर नहर से एक अज्ञात महिला का शव मिला। पुलिस ने पहचान के लिए शव की तस्वीर जारी की। डेराबस्सी निवासी दिनेश चावला ने तस्वीर देखकर शव की पहचान अपनी बहन नीरजा बाली के रूप में की। बाद में उन्होंने कुरुक्षेत्र की मोर्चरी पहुंचकर पहचान की पुष्टि की।

नीरजा के भाई दिनेश चावला ने पुलिस को बताया कि राजीव बाली एक प्राइवेट बैंक की लोन शाखा में कार्यरत थे और पिछले कुछ समय से आर्थिक दबाव में थे। उन्होंने आशंका जताई कि इसी कारण दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। परिवार ने किसी पर कोई शक नहीं जताया और किसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी नहीं की।

राजीव और नीरजा की शादी 2003 में हुई थी। उनके परिवार में 17 वर्षीय बेटा और 13 वर्षीय बेटी हैं। इस घटना के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं और परिवार में मातम पसरा हुआ है।

कुरुक्षेत्र पुलिस के अनुसार, दंपती जीरकपुर से लापता हुए थे, कार राजपुरा में मिली और शुरुआती जांच भी पंजाब पुलिस ने शुरू की थी। इसलिए पूरे मामले की आगे की जांच अब पंजाब पुलिस ही करेगी। नीरजा के शव का पोस्टमॉर्टम कुरुक्षेत्र में कराया जाएगा, जिसके बाद सभी दस्तावेज और केस से जुड़ी जानकारी पंजाब पुलिस को सौंप दी जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!