हरियाणा के सोनीपत जिले में बुधवार दोपहर एनएच-334बी पर गांव रोहणा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक हाइवा चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। डस्ट से भरे हाइवा और रोडी से लदे ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद हाइवा में अचानक आग लग गई। कुछ ही सेकेंड में आग पूरे केबिन में फैल गई, जिससे चालक बाहर नहीं निकल सका और अंदर ही जिंदा जल गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे आगे चल रहे रोडी से भरे ट्रक (HR-69E-3466) को पीछे से डस्ट से भरे हाइवा (HR-46F-3192) ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी।

मृतक की पहचान मंगल सेन (37) निवासी गांव आसन के रूप में हुई है। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी केबिन तक नहीं पहुंच सका।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने केबिन से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया।

हादसे के कारण एनएच-334बी पर कुछ समय तक लंबा जाम लगा रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!