हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव शनिवार को मंत्री बनने के बाद पहली बार भिवानी पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने गांव बीरण में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया, लोगों की समस्याएं सुनीं और बाद में भिवानी के महम रोड स्थित प्राकृतिक चिकित्सालय में फिजियोथैरेपी सेंटर का उद्घाटन किया।

इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह के आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल का किसी भी सूरत में पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज में समायोजन नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को देखते हुए फिलहाल कुछ चिकित्सकों की ड्यूटी वहां लगाई गई है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। जब उन्हें बताया गया कि बंसीलाल नागरिक अस्पताल की ओपीडी पिछले दो वर्षों से बंद है, तो उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि चंडीगढ़ पहुंचने के बाद पूरे मामले की जानकारी लेंगी।

आरती सिंह राव ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भिवानी और महेंद्रगढ़ के मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि एक साथ दो मेडिकल कॉलेजों का विधिवत संचालन शुरू होना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।

बंसीलाल नागरिक अस्पताल के वार्ड में हाल ही में छत का मलबा गिरने से एक मरीज के तीमारदार के घायल होने के मामले पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी। उन्होंने मौके पर ही सीएमओ से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज के कार्यकारी निदेशक और सिविल सर्जन के बीच सामंजस्य की कमी के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दोनों अधिकारियों से बातचीत कर मामले का समाधान कराया जाएगा।

गांव बीरण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आरती सिंह राव ने कहा कि उनके परिवार का इस गांव से तीन पीढ़ियों पुराना रिश्ता है। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान हिसार जिले के गांव कंवारी की पंचायत और मिलकपुर के ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी मांगें रखीं, जिनके जल्द समाधान का मंत्री ने आश्वासन दिया।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!