हरियाणा के हिसार में घरेलू गैस सिलेंडरों के भंडारण और वितरण में अनियमितताओं की शिकायत पर सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने एचएलआरडीसी गैस एजेंसी (बीपीसीएल) के कार्यालय और गोदाम पर छापेमारी कर एक अवैध गोदाम से 881 गैस सिलेंडर बरामद किए। मामले में एजेंसी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को शिकायत दी गई है।
सोमवार सुबह हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज के डीएसपी विक्रमजीत ने किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि एजेंसी का अधिकृत गोदाम किसी अन्य स्थान पर है, जबकि कार्यालय परिसर के साथ बने एक बड़े हॉल को अवैध रूप से गोदाम के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके पर गोदाम संचालन की कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी।
टीम द्वारा की गई गिनती में 14.2 किलोग्राम के 619 खाली और 241 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इसके अलावा 5 किलोग्राम के 16 खाली और 5 भरे हुए कॉमर्शियल सिलेंडर भी बरामद किए गए। इस तरह कुल 881 गैस सिलेंडर अवैध रूप से भंडारित पाए गए।
जांच के दौरान गैस सिलेंडरों की आवाजाही और वितरण से जुड़े रिकॉर्ड भी अधूरे मिले। अधिकारियों के अनुसार रजिस्टर अपडेट नहीं थे और गेट पास समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों के रखरखाव में भी कई खामियां पाई गईं। रिकॉर्ड में मिली विसंगतियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर अवैध गोदाम संचालित किया जा रहा था, उसके आसपास हिसार एयरपोर्ट, जिला पुलिस लाइन, महिला थाना, सदर थाना और कई अन्य सरकारी कार्यालय स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।
छापेमारी के दौरान कुछ उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने के लिए मौके पर पहुंचे थे। जांच में सामने आया कि उपभोक्ताओं से होम डिलीवरी शुल्क वसूला जा रहा था, जबकि उन्हें सिलेंडर सीधे इसी अवैध गोदाम से दिए जा रहे थे। अधिकारियों ने इसे गैस वितरण नियमों का उल्लंघन माना है।
प्राथमिक जांच में कई अनियमितताएं मिलने के बाद संयुक्त टीम ने एजेंसी संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को शिकायत सौंप दी है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भी भेजी जा रही है।
