हरियाणा में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण समय से पहले मानसून का अहसास हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 20 जून तक बारिश का दौर इसी प्रकार बना रहेगा। आज प्रदेश के 17 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल और महेंद्रगढ़ में आज भी बारिश की संभावना बन रही है। वहीं 5 जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल में मौसम साफ रह सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि 17 जिलों में आज 25 प्रतिशत तक बारिश के चांस हैं मगर कल से दोबारा बारिश की गतिविधियों में तेजी देखने को मिल सकती है।
वहीं, कल हरियाणा के 10 जिलों गुरुग्राम, सोनीपत, हिसार, महेंद्रगढ़, हांसी, कैथल, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी और फतेहाबाद में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई थी। हांसी में बारिश से जलभराव हो गया, जिसके कारण बड़सी गेट स्थित श्याम मंदिर से निकाली गई कलश यात्रा में महिलाओं को घुटने तक पानी में होकर गुजरना पड़ा।
फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों के रूम में बारिश का पानी घुस गया। वहीं, सिरसा के गांव जोगीवाला में आंधी-बारिश के कारण मकान में बनाई गई पशु डेयरी की छत गिर गई। इससे वहां बांधी गई 21 गाय और भैंसें छत के मलबे के नीचे दब गई।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश और दिनभर बादलवाई से हिसार और नारनौल जैसे क्षेत्रों में दिन के तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। हिसार में सामान्य से करीब 9.4 डिग्री और नारनौल में सामान्य से 10.9 डिग्री तक पारा नीचे लुढ़क गया है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। यहां तापमान 30 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है।
बारिश के कारण राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री की कमी आई है, जो सामान्य से 2.3 डिग्री नीचे है। बीती रात महेंद्रगढ़ के नारनौल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। इसके अलावा हिसार में 24.3 डिग्री और रोहतक में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया।
