स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में हुए चर्चित ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। गुरुग्राम पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे, वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा और गुरुग्राम स्थित कॉमेडी क्लब ‘द लाफ स्टोर’ के संचालक को नामजद किया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई शो के दौरान महिलाओं को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणियों के संबंध में की गई है। यह कार्यक्रम गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 स्थित ‘द लाफ स्टोर’ में आयोजित हुआ था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया।

क्या है पूरा मामला?

कुछ दिन पहले आयोजित स्टैंडअप शो के दौरान कॉमेडियन प्रणीत मोरे दर्शकों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दर्शकों में मौजूद 22 वर्षीय वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का अनुभव साझा किया।

बातचीत के दौरान उसने बताया कि उसने एक युवती के लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी खरीदी थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर ऐसे बयान दिए, जिन्हें सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक बताया गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना की।

महाराष्ट्र में भी दर्ज हो चुकी है FIR

इस विवाद को लेकर महाराष्ट्र साइबर पुलिस भी कॉमेडियन प्रणीत मोरे के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी है। वहीं, विवादित टिप्पणी करने वाले हिमांशु जांगड़ा को उसकी कंपनी स्टारविक डिजाइन ने नौकरी से हटा दिया है।

हालांकि विवाद बढ़ने के बाद प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा दोनों सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं, लेकिन मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

पुलिस जांच जारी

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान कार्यक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!