हांसी के गांव चनौत में भाखड़ा नहर प्रोजेक्ट को लेकर चल रहे धरने के बीच उस समय माहौल गरमा गया जब बीजेपी विधायक विनोद भयाना ग्रामीणों के बीच पहुंचे। धरने पर मौजूद लोगों ने विधायक को मंच से ही जमकर खरी-खोटी सुनाई और उनके पुराने वादों को “झूठ नंबर-1, झूठ नंबर-2” कहकर गिनाना शुरू कर दिया।
इस दौरान विधायक विनोद भयाना मंच पर सिर झुकाए चुपचाप बैठे रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, गांव चनौत के ग्रामीण पिछले 10 दिनों से भाखड़ा नहर प्रोजेक्ट को लेकर धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि 68 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट के तहत उनके गांव के जलघर को भी सीधा पेयजल कनेक्शन दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर गांव को पानी नहीं मिला तो वे प्रोजेक्ट शुरू नहीं होने देंगे।
सोमवार को विधायक विनोद भयाना धरनास्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उनके सामने विकास कार्यों और अधूरे वादों का मुद्दा उठाया। ग्रामीण अनूप ने विधायक के सामने ही पिछले दो वर्षों में किए गए 12 अधूरे वादे गिनाए।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की फिरनी, श्मशान घाट, जलभराव की समस्या और पाइपलाइन जैसी कई मांगों पर विधायक ने आश्वासन दिए थे, लेकिन अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अगर गांव की पानी की समस्या हल नहीं हुई तो चुनाव में भी विरोध किया जाएगा।
ग्रामीणों ने पिछले साल बारिश के दौरान हुए जलभराव और खराब हुई फसलों का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि न तो जल निकासी के लिए कोई स्थायी समाधान किया गया और न ही किसानों को मुआवजा मिला।
वहीं विधायक विनोद भयाना ने बाद में कहा कि यह मामला उनके विभाग से जुड़ा नहीं है, फिर भी वे सरकार से इस संबंध में बात करेंगे।
फिलहाल, भाखड़ा नहर प्रोजेक्ट तीसरी बार रुक चुका है और गांव में आंदोलन जारी है।
