रोहतक, 22 मई। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा समाज की तकदीर और तस्वीर बदलने का सबसे बड़ा अचूक हथियार है। जाट समाज के युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग एवं भारतीय वन सेवा परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है कि अब समाज के युवा केवल खेती, खेल और सेना तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि देश की सर्वोच्च नीतियां बनाने और प्रशासनिक नेतृत्व करने की क्षमता भी रखते हैं।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा स्थानीय सेक्टर-1 स्थित जाट भवन सभागार में जाट सभा द्वारा आयोजित सिविल सेवा एवं भारतीय वन सेवा परीक्षा-2025 में चयनित जाट प्रतिभाओं के सम्मान समारोह में उपस्थितगण को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। महिपाल ढांडा ने चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे उनके माता-पिता का त्याग, तपस्या और संघर्ष छिपा हुआ है। आज इन युवाओं ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अपने बेटा-बेटी की शानदार सफलता को बताते समय माता-पिता के चेहरे पर उभरे गर्व व संतोष इस उपलब्धि की सबसे बड़ी पहचान है।
महिपाल ढांडा ने कहा कि जाट समाज की पहचान बहादुरी, परिश्रम और राष्ट्र सेवा रही है। पहले समाज के युवाओं को मुख्य रूप से खेती और सेना के क्षेत्र में जाना जाता था, लेकिन आज की युवा पीढ़ी ने अपनी प्रतिभा और शिक्षा के बल पर यह धारणा बदल दी है। अब समाज के युवा प्रशासन, अनुसंधान, विज्ञान और नीति निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपीएससी में चयनित युवाओं की सफलता इस बात का प्रमाण है कि समाज में प्रतिभा की कोई कमी नहीं थी, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की थी।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं को प्रेरित करने का माध्यम बनते हैं और आने वाली पीढिय़ों को लक्ष्य निर्धारित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए ताकि वे सफल अधिकारियों के अनुभवों से सीख सकें और अपने जीवन में नई ऊर्जा प्राप्त कर सकें।
महिपाल ढांडा ने चयनित अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने पद को केवल नौकरी या अधिकार का माध्यम न समझें, बल्कि समाज और राष्ट्र की उम्मीदों की जिम्मेदारी के रूप में देखें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पदों पर रहते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े किसान, मजदूर, गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय दिलाना ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। उनकी कलम हमेशा न्याय, संवेदनशीलता और ईमानदारी की प्रतीक बने। शिक्षा मंत्री ने युवाओं से कहा कि वे अपने अनुभव और मार्गदर्शन से अन्य विद्यार्थियों का भी सहयोग करें। यदि वे अपने जैसे और युवाओं को प्रेरित कर सफल बना सकें, तो यह समाज के प्रति उनकी सबसे बड़ी सेवा होगी।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने जाट सभा द्वारा प्रतिभाओं के सम्मान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए घोषणा की कि इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए वे अपनी ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में केवल यूपीएससी ही नहीं, बल्कि शिक्षा, अनुसंधान, कृषि, प्राकृतिक खेती, फूड प्रोसेसिंग और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाना चाहिए।
बॉक्स :-
युवा बनें रोल मॉडल :- पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु
प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि यूपीएससी देश की सबसे प्रतिष्ठित और निष्पक्ष परीक्षा है, जहां केवल प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के आधार पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए यह गर्व का विषय है कि बड़ी संख्या में युवा इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने चयनित अधिकारियों को समाज का आदर्श बताते हुए कहा कि आज के युवा उन्हें अपना रोल मॉडल मानते हैं। इसलिए उनकी जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समाज में सकारात्मक प्रेरणा का स्रोत भी बनना होगा।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि समाज को अपने आदर्शों का दायरा बढ़ाना होगा। खेल, सेना और कृषि के साथ-साथ शिक्षा, शोध, विज्ञान, प्रशासन और वैश्विक विश्वविद्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को भी समाज के सामने आदर्श के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा और जाट समाज के अनेक युवा विश्व की शीर्ष विश्वविद्यालयों में शोध एवं उच्च शिक्षा के माध्यम से देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने चयनित अधिकारियों से कहा कि वे अपने करियर में उत्कृष्टता के सर्वोच्च शिखर को लक्ष्य बनाएं और अपने जैसे अनेक नए युवाओं को तैयार करें। उन्होंने कहा कि जीवन की वास्तविक सफलता केवल पद और प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि समाज पर छोड़े गए सकारात्मक प्रभाव से मापी जाती है।
बॉक्स :-
पारदर्शिता से बढ़ा युवाओं का विश्वास :- प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में की गई पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया ने युवाओं की पढ़ाई के प्रति रुचि पैदा की है तथा सरकार में विश्वास को मजबूत किया है। अब विद्यार्थियों को भरोसा है कि मेहनत के आधार पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने चयनित प्रतिभाओं के माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों को भी सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि सफल युवा अन्य विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें ताकि अधिक से अधिक बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें।
बॉक्स :-
अंतिम व्यक्ति की सेवा को दें प्राथमिकता :- जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका
भाजपा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका ने चयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले गरीब, असहाय और बिना सिफारिश वाले व्यक्ति का सम्मान और सहयोग करना ही सच्ची जनसेवा है।
बॉक्स :-
चयनित प्रतिभाओं का किया गया सम्मान :- जाट सभा के प्रधान जयवीर ढुल
जाट सभा के प्रधान जयवीर ढुल ने कहा कि इस वर्ष यूपीएससी सिविल सेवा एवं भारतीय वन सेवा परीक्षा में चयनित 53 प्रतिभाओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। इनमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली युवा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जाट सभा प्रत्येक वर्ष इस प्रकार का सम्मान समारोह आयोजित करती है ताकि समाज के युवाओं को प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि चयनित प्रतिभाओं में कई युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष रैंक हासिल कर समाज का नाम रोशन किया है। जाट सभा शिक्षा, युवा प्रोत्साहन और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहेगी तथा भविष्य में भी प्रतिभाओं को सम्मानित करने का सिलसिला जारी रहेगा।
कार्यक्रम में समाज के गणमान्य व्यक्ति, शिक्षाविद, अभिभावक, चयनित युवा एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। चयनित अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों का स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र देकर अभिनंदन किया गया।
बॉक्स :-
जाट सभा द्वारा सफल अभ्यर्थियों का सम्मान समारोह आयोजित :-
समारोह में सभी सफल अभ्यर्थियों को 11-11 हजार रुपये की नकद राशि, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले अभ्यर्थियों में विकास कुंडू, दिव्या गहलोत, प्रज्ञा गुलिया, कीर्ति, सिद्धार्थ सिंह, अभिमन्यु बालियां, सचिन पवार, विनोद कुमार, दिशा धनखड़, अंकिता सिवाच, राहुल, मोहित, मानसी डागर सहित अन्य प्रतिभाशाली युवा शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने जाट सभा को 1 लाख 1 हजार रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहन देना समय की आवश्यकता है तथा ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, युवा भाजपा नेता नवीन ढुल, धर्मपाल मकड़ौली, ओमप्रकाश नांदल, डॉ. अशोक हुड्डा, अनीता बुधवार, जाट सभा के प्रधान जयवीर सिंह ढुल, सचिव नरेंद्र गहलावत, कोषाध्यक्ष महेंद्र प्रताप गुलिया, सभा के सदस्य जयपाल सिंह मलिक, वजीर सिंह श्योराण, रविंद्र श्योराण, सुनील फोगाट, सतबीर छिक्कारा, अनीता बुधवार, रणबीर नांदल, प्रेम हुड्डा, नरेश कला एवं एडवोकेट सुरेंद्र लौरा, राकेश नांदल, राजेंद्र मलिक, दीपक खत्री, सेवा सिंह हुड्डा, चेयरमैन खुशीराम हुड्डा सांघी ,जगमाल नरवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!