हरियाणा में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. सड़क पर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को पकड़ने के लिए अब टोल प्लाज़ाओं पर विशेष टीमें तैनात की जाएंगी. अल्को–सेन्सर और ई–चालान मशीनों के साथ पुलिसकर्मी मौके पर ही जांच करेंगे और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी. सर्दी और कोहरे के मौसम को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है.
टोल प्लाज़ाओं पर विशेष चेकिंग अभियान शुरू
हरियाणा DGP ओपी सिंह के निर्देश पर राज्य के सभी प्रमुख टोल प्लाज़ाओं पर शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक विशेष पुलिस टीमें तैनात की जाएंगी. ये टीमें अल्को–सेन्सर की मदद से मौके पर ही जांच करेंगी. नशे में ड्राइविंग करते पकड़े जाने पर चालक के खिलाफ तुरंत ई–चालान काटा जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस कदम का उद्देश्य नशे में वाहन चलाने से होने वाले सड़क हादसों में कमी लाना है. हरियाणा में दुर्घटनाओं का बड़ा कारण तेज रफ्तार, ओवरटेकिंग और शराब पीकर वाहन चलाना माना जाता है. पुलिस का कहना है कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण है.
सर्दियों में कोहरा बढ़ने से सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं और दृश्यता काफी कम हो जाती है. ऐसे में दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. हरियाणा पुलिस ने नागरिकों के लिए विस्तृत सलाह जारी की है, जिसमें वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है.
धीमी गति से वाहन चलाएं. फॉग लाइट और डिपर का उपयोग करें. सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें. रिफ्लेक्टिव टेप और फ्लोरोसेंट मार्किंग का उपयोग करें. कोहरे में ओवरटेक न करें. रॉन्ग साइड ड्राइविंग बिल्कुल न करें. नशे की हालत में वाहन न चलाएं. पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों पर विशेष ध्यान दें.
कोहरे के मौसम में कई बार सामने आने वाला वाहन अचानक दिखाई देता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित दूरी बनाने और नियंत्रित रफ्तार में वाहन चलाने की अपील की है. इसके अलावा, भारी भरकम और बाहर निकले सामान वाले वाहनों को सुरक्षित ढकने का निर्देश भी दिया गया है. यात्रा से पहले मौसम की स्थिति की जांच करना भी बेहद जरूरी बताया गया है. यदि दृश्यता बहुत कम हो, तो यात्रा को स्थगित करने की सलाह दी गई है.
पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल उनका ही नहीं बल्कि आम जनता का भी साझा दायित्व है. नागरिक सावधानी बरतें और नियमों का पालन करें ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके. हरियाणा पुलिस दिन–रात लोगों की सुरक्षा के लिए कार्यरत है और इस अभियान से सड़क हादसों में बड़ी कमी आने की उम्मीद है.

