सोनीपत नगर निगम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को मोहाना स्थित बिट्स कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ अलग-अलग बूथों के लिए रवाना किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करवाई जाएगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
264 मतदान केंद्र, 17 संवेदनशील बूथ
नगर निगम चुनाव के लिए कुल 264 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 15 बूथ संवेदनशील और 2 बूथ अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
मेयर पद के लिए 9 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 22 वार्डों में 89 पार्षद प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
10 मई को होने वाले मतदान में कुल 2 लाख 96 हजार 108 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 53 हजार 411 पुरुष, 1 लाख 42 हजार 690 महिला और अन्य श्रेणी के 7 मतदाता शामिल हैं।
बिट्स कॉलेज में बनेगा स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र
मोहाना स्थित बिट्स कॉलेज में पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। प्रशासन ने यहां स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र भी बनाया है। मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच यहीं रखा जाएगा। 13 मई को इसी परिसर में मतगणना होगी।
मतदान केंद्रों पर रहेंगी सभी सुविधाएं
प्रशासन के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर पीने के पानी, एम्बुलेंस, डॉक्टर और टेंट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। निर्वाचन आयोग हरियाणा की वेबसाइट के माध्यम से मतदान केंद्रों का लाइव टेलीकास्ट भी किया जाएगा।
मोबाइल फोन और टेंट पर रोक
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने और फोटो खींचने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा मतदान केंद्र से 200 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को टेंट लगाने की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा के लिए 1500 पुलिसकर्मी तैनात
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस कमिश्नर खुद चुनावी व्यवस्था की निगरानी करेंगे। ड्यूटी में 4 डीसीपी, 8 एसीपी, 30 इंस्पेक्टर और करीब 1500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
शहर और आसपास के इलाकों में 18 पुलिस नाके लगाए गए हैं। एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
कांग्रेस-बीजेपी में सीधा मुकाबला
इस बार नगर निगम चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।
नगर निगम क्षेत्र में करीब 75 हजार पंजाबी वोटरों को निर्णायक माना जा रहा है, जिनकी भूमिका चुनाव परिणाम में अहम हो सकती है।
प्रशासन की मतदाताओं से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर वोट महत्वपूर्ण है। प्रशासन ने साफ किया है कि चुनाव के दौरान अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
