ऋषिकेश में गंगा नदी में नहाने के दौरान हरियाणा के दो पर्यटक तेज बहाव में फंस गए। घटना का 46 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों युवक गंगा की ऊंची लहरों के बीच मदद के लिए संघर्ष करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में आसपास मौजूद लोग घबराकर चिल्लाते सुनाई देते हैं— “अरे भाई, कोई तो इन्हें बचा लो।” इसी दौरान वहां राफ्टिंग कर रहे गाइड्स को आवाज देकर बुलाया गया। तेज बहाव में फंसे एक युवक ने मदद की गुहार लगाते हुए कहा— “भगवान के लिए मुझे बचा लो।”
रस्सी और चप्पू फेंककर किया रेस्क्यू
राफ्टिंग गाइड्स ने पहले युवकों की ओर रस्सी फेंकी, लेकिन तेज बहाव के कारण युवक उसे पकड़ नहीं पाया। इसके बाद दोबारा रस्सी और चप्पू फेंका गया। इस बार युवक ने रस्सी पकड़ ली और धीरे-धीरे नाव की ओर आने लगा।
करीब 9 लोगों ने मिलकर युवक को रस्सी के सहारे खींचा। काफी मशक्कत के बाद उसे नाव तक पहुंचाया गया और फिर उसका पैर पकड़कर नाव में चढ़ाया गया। रेस्क्यू के बाद युवक काफी देर तक डरा-सहमा बैठा रहा।
दोस्तों के साथ घूमने आए थे युवक
बचाए गए युवक ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ सुबह ऋषिकेश घूमने आया था। मौसम अच्छा होने के कारण सभी ने लक्ष्मण झूला के पास गंगा में नहाने का प्लान बनाया।
युवक के अनुसार, वह खुद को किनारे के पास ही समझ रहा था, लेकिन तैरते-तैरते वह और उसका दोस्त तेज बहाव में पहुंच गए। हादसे के बाद उन्होंने रिवर गाइड राजेंद्र रावत और उनकी टीम का धन्यवाद किया, जिन्होंने समय रहते दोनों की जान बचा ली।
