हरियाणा की पहली महिला पहलवान विधायक विनेश फोगाट को अंतरराष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (ITA) ने 18 दिसंबर 2025 को अचानक (आउट ऑफ कंपटीशन) डोपिंग टेस्ट के लिए मौजूद नहीं रहने के मामले में नोटिस भेजा है। पिछले 12 महीनों में यह पहली बार है जब उन्होंने लोकेशन पर नहीं होने संबंधी नियम का उल्लंघन किया है।
आईटीए के चार मई 2026 को भेजे गए इस लेटर में विनेश को बताया गया है कि 19 जनवरी 2026 को उनके द्वारा दिए गए जवाब का रिव्यू करने के बाद छूटे हुए टेसट को औपचारिक रूप से रिकॉर्ड कर लिया गया है। हालांकि उन्हें जवाब देने के लिए 7 मई तक का टाइम दिया गया है।
नोटिस भेजने का कारण
इस नोटिस में पांच जनवरी 2026 को भेजे गए एक लेटर का भी जिक्र है जिसमें डोपिंग टेस्ट के लिए मौजूद नहीं रहने की बात उठाई गई थी और विनेश से इस पर जवाब मांगा गया था। यह नोटिस डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन नहीं माना जाता, लेकिन यह लोकेशन संबंधी नियम के तहत एक चेतावनी के तौर पर दिया जाता है। नियम का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि खिलाड़ी हर समय अचानक होने वाले डोपिंग परीक्षण के लिए उपलब्ध रहे।
यूनाइटेड विश्व रेस्लिंग (UWW) और विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (VADA) द्वारा बनाए गए नियमों के अनुसार एक साल के भीतर तीन बार परीक्षण के लिए मौजूद नहीं रहने या अपने रहने के स्थान की जानकारी देने में चूक होने पर इसे डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन माना जाता है। ऐसा होने पर खिलाड़ी पर दो साल तक का प्रतिबंध लग सकता है।
आईटीए ने बताया कि यह घटना 18 दिसंबर 2025 को हुई थी। उस दिन एक डोपिंग नियंत्रण अधिकारी (DCO) विनेश के लिए तय किए गए 60 मिनट के परीक्षण समय के दौरान उन्हें उनके बताए गए स्थान पर नहीं ढूंढ पाया था।
डोपिंग रोधी नियमों के तहत पंजीकृत परीक्षण पूल (RTP) में शामिल खिलाड़ियों को हर दिन सुबह छह बजे से रात 11 बजे के बीच एक घंटे का ऐसा समय बताना होता है। जिस दौरान वे बिना किसी पूर्व सूचना के होने वाले डोपिंग परीक्षण के लिए उपलब्ध रहें।
विनेश के फेवर में ये फैक्ट्स
हालांकि आईटीए ने माना है कि उस दिन विनेश हरियाणा विधानसभा के पहले शीतकालीन सत्र में हिस्सा ले रही थी। वह बेंगलुरु से चंडीगढ़ गई थी, जिससे उनका नियमित रूटीन बिगड़ गया था। एजेंसी ने यह भी ध्यान में रखा कि हाल ही में उनके घर बच्चा हुआ था, जिससे उनकी निजी जिम्मेदारियां और बढ़ गई थी।
परीक्षण के दौरान विनेश ने कथित तौर पर पूरा सहयोग किया और डीसीओ को बताया कि वह बैठकों के सिलसिले में चंडीगढ़ में मौजूद हैं।
दो दिन पहले किया था वीडियो जारी
दो दिन पहले ही विनेश ने VIDEO जारी कर कहा था कि वह भी उन यौन उत्पीड़ित महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने बृजभूषण के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के गोंडा में बृजभूषण के स्वामित्व वाले कॉलेज में 10 से 12 मई के बीच आयोजित सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट में जाने पर आपत्ति जताई थी। पेरिस ओलंपिक में लड़ी आखिरी कुश्ती
विनेश फोगाट ने अपने करियर की आखिरी कुश्ती पेरिस ओलंपिक 2024 (अगस्त 2024) में क्यूबा की पहलवान युस्नेलिस गुजमान के खिलाफ 50 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में लड़ी थी।विनेश ने यह मुकाबला 5-0 से जीता था, जिससे वह फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थीं।
हालांकि सेमीफाइनल जीतने के बावजूद, फाइनल से पहले वजन (100 ग्राम एक्स्ट्रा) के कारण वे अयोग्य घोषित हो गईं थी। इस घटना के बाद विनेश ने 8 अगस्त 2024 को आधिकारिक रूप से कुश्ती से संन्यास की घोषणा कर दी।
