हरियाणा में तापमान लगातार गिर रहा है। करीब एक सप्ताह से 7 शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। मौसम एक्सपर्ट मदन लाल खीचड़ के अनुसार 18 नवंबर तक तापमान में गिरावट रहेगी। वहीं नमी बढ़ने और पराली जलने से प्रदूषण बढ़ रहा है।
बहादुरगढ़ और रोहतक में एक्यूआई 400 पार कर गया है। यहां की हवा देश में सबसे ज्यादा जहरीली है। वहीं प्रशासन इन दोनों शहरों में आज पांचवीं तक के स्कूल बंद कर सकता है। इससे पहले जींद में एक्यूआई 418 पहुंच गया था जहां प्रशासन ने पांचवीं तक के स्कूल बंद कर दिए।
वहीं प्रदूषण बढ़ता देख सरकार भी एक्टिव हो गई है। हिसार में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ने पर सरकार के आदेश पर हांसी के एसडीओ, अग्रोहा और बरवाला खंड कृषि अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं 45 कर्मियों को नोटिस दिया गया है। हिसार के कृषि उपनिदेश राजवीर सिंह ने बताया कि हिसार में पराली जलाने के 22 केस दर्ज हुए हैं।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 18 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है।
इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है जिससे सुबह व शाम को हल्की ठंड रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी परंतु रात्रि तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है
