रोहतक। शहर के झज्जर रोड मोड़ पर कृष्णा ब्रांड की सैनी रेवड़ी की दुकान में घुसकर दुकानदार और उसके साथियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। आर्य नगर थाना पुलिस ने दो नामजद सहित कुल 8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मारपीट की पूरी वारदात कैमरे में कैद हुई है, जिसमें आरोपी दुकानदार को दुकान से बाहर खींचकर पीटते दिखाई दे रहे हैं।
दुकान में घुसकर शुरू कर दी मारपीट
घायल मनीष सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 नवंबर की रात वह अपनी दुकान पर सामान बेच रहा था। उस समय उसके साथ उसका भाई महेश सैनी और साहिल जिंदल भी दुकान में मौजूद थे।
इसी दौरान सन्नी और तरुण सहित करीब 7-8 युवक चार स्कूटी और एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने दुकान में घुसते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
दुकान से बाहर खींचकर किया हमला
शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने दुकानदारों को दुकान से बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोपियों के हाथों में लोहे की रॉड भी थी। इस दौरान कांच की बरनी उठाकर भी हमला किया गया। हमले में मनीष सैनी सहित तीन लोग घायल हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
मारपीट की घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में कई युवक दुकान के अंदर और बाहर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ आरोपियों के हाथों में लोहे की रॉड नजर आ रही है। एक आरोपी कांच की बरनी से हमला करता भी दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मौजूदगी को लेकर भी उठे सवाल
घटना के दौरान झज्जर रोड मोड़ पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है। आरोप है कि पुलिसकर्मी के सामने ही दुकानदारों के साथ मारपीट होती रही। इसको लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों के बीच पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में ट्रैफिक पुलिसकर्मी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
आर्य नगर थाना प्रभारी सुशील के अनुसार, 10 नवंबर की रात रेवड़ी की दुकान में घुसकर मारपीट करने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। शिकायत के आधार पर दो नामजद सहित 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

