उरई के राजमार्ग स्थित कपड़ा व्यवसाई के दुकान के पीछे बने गैराज में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। जिसमे कार सवार दो दोस्तों की जलकर मौत हो गई और 3 बाइक भी जलकर राख हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया और परिजनों को सूचना देकर शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार रामू और संतोष नाम के कर्मचारी साथ में काम करते थे और दिन का काम खत्म कर कपड़े के गोदाम में कार पार्क करके शराब पी रहे थे। एक हाथ में जाम और दूसरे हाथ में सिगरेट जला कर कार में ही पार्टी कर रहे थे, सिगरेट की चिंगारी से लगी आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। ज्यादा नशे में होने के कारण दोनों निकल नहीं पाए और उनकी जलकर मौत हो गई। दोनों के शव इतने जल गए कि उनकी पहचान भी मुश्किल हो गई। कंपनी के आईडी कार्ड से उनकी शिनाख्त हो सकी।
उरई के सूर्य नगर में अनिल यादव का कपड़े का गोदाम है। अनिल ने बताया कि गोदाम में एक तरफ वे अपनी कारें और बाइक खड़ी करते हैं। काशीराम कॉलोनी का रहने वाला रामू और तुफैल पुरवा का संतोष उनके यहां काम करते थे। देर रात को दोनों गोदाम से उनकी ऑल्टो कार लेकर पार्टी करने गए थे। आने के बाद दोनों कार को गोदाम के अंदर ले गए और कार के अंदर ही सिगरेट और शराब पी।
सिगरेट की चिंगारी से लगी आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। ज्यादा नशे में होने के कारण दोनों निकल नहीं पाए और उनकी जलकर मौत हो गई। आग ने 2 कार और 3 बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि गोदाम की दूसरी साइड में रखा सामान जलने से बच गया, वरना आसपास के घरों को भी खतरा हो सकता था।
गोदाम के मालिक अनिल यादव ने बताया कि मंगलवार रात को गोदाम में आग देखकर आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी। फायर ब्रिगेड ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कार से शव निकाले गए, जिन्हें पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस घटना के तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है।
