हरियाणा और चंडीगढ़ में मंगलवार को मानसून एंट्री कर गया। मानसून उत्तर प्रदेश के रास्ते दाखिल हुआ। अगले 7 दिन तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा। इससे पहले पंजाब और हिमाचल में मानसून दाखिल हो चुका है।
अभी मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर, आगरा, रामपुर, बिजनौर, करनाल और हलवाड़ा से होकर गुजर रही है।आज सुबह करनाल, कुरुक्षेत्र, चरखी दादरी, झज्जर, पानीपत और गुरुग्राम में बारिश हुई। अधिकतर जिलों में बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश की संभावना है।वहीं, सोमवार को 10 जिलों में बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत तो मिली, लेकिन फिर उमस ने बेहाल कर दिया।
सोमवार को पानीपत, हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, नारनौल, भिवानी, नूंह, गुरुग्राम, झज्जर और रेवाड़ी में बारिश हुई। इस दौरान भिवानी में मंत्री श्रुति चौधरी और भाजपा की राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की कोठी में पानी घुस गया। इसी तरह रेवाड़ी और नारनौल में भी सड़कों पर कई फीट पानी जमा हो गया। कुरुक्षेत्र में सुबह करीब 5 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। उसके बाद करीब साढ़े 6 बजे तेज बारिश हुई। इससे कई इलाकों में पानी भर गया। अभी बादल छाए हुए हैं।
राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। 28 तक मानसून पूरे राज्य को कवर कर सकता है। ऐसे में तापमान के और नीचे आने की संभावना है। सोमवार को सिरसा सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।इसके बाद हिसार में 38.3 डिग्री, जींद में 36.9 डिग्री, अंबाला और चरखी दादरी में 36.8 डिग्री, फरीदाबाद में 36.3 डिग्री, भिवानी में 36.1 डिग्री, सोनीपत में 36 डिग्री, रोहतक में 35.9 डिग्री, मेवात में 35.8 डिग्री, करनाल में 35.6 डिग्री और पंचकूला में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
