कानपुर में 24 साल का एक युवक स्विमिंग पूल में नहाते-नहाते डूब गया। 2 मिनट में वह कई बार पानी के ऊपर आया और गहराई में गया। लेकिन पूल में पार्टी कर रहे दोस्तों ने ध्यान नहीं दिया। आखिरकार उसकी मौत हो गई। जिसका CCTV भी सामने आया है I काफी देर तक युवक के पानी से बाहर नहीं निकलने पर दोस्तों को शक हुआ। उसे स्विमिंग पूल से बाहर निकाला, लेकिन तब तक शरीर पूरी तरह से ठंडा पड़ चुका था। इससे दोस्त घबरा गए। सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल परिवार के लोगों ने मामले में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

शिखर अपने मां- बाप का इकलौता बेटा था।
यशोदा नगर निवासी शिखर सिंह (24) नगर निगम में ठेकेदारी करता है। पिता शैलेंद्र सिंह से मिली जानकारी के अनुसार शिखर रविवार को दोस्तों के साथ सनिगवां युवक वॉटर वॉल स्वीमिंग पूल में पार्टी करने गया था। सभी दोस्तों ने पहले वहां पर पार्टी की। इसके बाद सभी स्वीमिंग पूल में नहाने लगे। इस दौरान अचानक उनका बेटा पानी में हाथ पैर मारने लगा। वह धीरे-धीरे पानी के अंदर जाने लगा। दोस्तों को लगा कि वह इंजॉय कर रहा है। सभी दोस्त मस्ती करने लगे। 2 मिनट के अंदर वह पानी में डूब गया। उसकी मौत हो गई।
जब वह पानी से ऊपर नहीं आया तो दोस्तों को शक हुआ। उन्होंने आस पास देखा तो कही नजर नहीं आया। पानी के अंदर जाकर देखा तो वह बेहोश पड़ा था। उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने फौरन चकेरी पुलिस और उसके परिजन को सूचना दी। उसके बाद स्वीमिंग पूल से बाहर निकाला और पास के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। थोड़ी देर बाद पुलिस और परिजन पहुंचे। लोगों से बात कर घटना की जानकारी ली। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिखर इकलौता बेटा था। उसकी मौत खबर मिलते ही मां बीनू और बहन अनामिका रो-रो कर बेहोश हो गईं।
चकेरी थाना प्रभारी संतोष शुक्ला के मुताबिक पूल में डूबने से शिखर की मौत हुई है। परिवार के लोगों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है। फिर भी शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसके बाद परिजनों सौंप दिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला। युवक नहाने के दौरान खुद ही डूबते हुए दिखा है।
