हरियाणा के फतेहाबाद में पशु व्यापारी की गला काटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि रिश्तेदार और उसके साथियों ने पैसे के लेन-देन में उस पर चाकू से वार कर दिया। घटना रतिया के लांबा गांव की है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मृतक की पहचान विनोद कुमार (42) के रूप में हुई है। वह पशुओं की खरीद फरोख्त का काम करता है। पड़ोस में ही उसका रिश्तेदार सुखदेव सिंह भी रहता है। दोनों का पैसे के लेनदेन का कोई मामला था। इसी मामले को लेकर शुक्रवार देर रात सुखदेव सिंह अपने 2-3 साथियों के साथ विनोद कुमार के घर आया। आते ही सुखदेव व उसके साथियों ने चाकू से विनोद पर हमला कर दिया। गला कटने की वजह से विनोद की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव लांबा के सरपंच गुरदेव सिंह ने बताया कि पशु व्यापारी विनोद कुमार व सुखदेव सिंह दोनों मामा-बुआ के बेटे हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रतिया के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखदेव सिंह को हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
