देहरादून में कुट्टू का आटा खाने से 100 से अधिक लोग बीमार हुए हैं। इन्हें दून अस्पताल के साथ ही कोरोनेशन अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है। इनमें से 60 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 40 से अधिक लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका अभी इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि नवरात्र में कुट्टू का आटा खाने की वजह से इन लोगों की तबियत बिगड़ी है। सूचना पर स्वास्थ्यमंत्री धन सिंह रावत भी कोरोनेशन अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने शहरभर में छापेमारी शुरू कर दी है।
कुट्टू के आटे के सप्लायरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि दुकानों से आटे को जब्त कर सैंपलिंग ली जा रही है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक कुट्टू के आटे की सप्लाई विकासनगर से की गई थी।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि विकासनगर से दून की छह दुकानों में कुट्टू के आटे की सप्लाई की पुष्टि हो चुकी है। इन दुकानों से आटा जब्त कर लिया गया है। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि वह कुट्टू के आटे का सेवन न करें, क्योंकि शहर में बड़े पैमाने पर विकासनगर के सप्लायर से कुट्टू के आटे की सप्लाई हुई है।
पुलिस इनकी पहचान कर रही है। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें सैंपल जांच में जुट गई है। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट के माध्यम से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देहरादून में कुट्टू के आटे के व्यंजन खाने से बड़ी संख्या में लोग बीमार।अभी तक दीपनगर,ऋषिनगर और प्रेमनगर क्षेत्र के 216 मरीज विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचे हैं। जिनमे 56 जिला चिकित्सालय,7 श्री महंत इंद्रेश अस्पताल और 37 दून अस्पताल में भर्ती है। कोरोनेशन अस्पताल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मरीज को देखने पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मरीजों में से 100 लोगों को भर्ती किया गया है।
पहले नवरात्र के बाद कुट्टू का आटा खाने से बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना के बाद पुलिस ने शहरभर में कार्रवाई की। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि विकासनगर के लक्ष्मी ट्रेडर्स और शिवपाल चौहान के शिमला बाईपास रोड स्थित गोदाम से जहां भी कुट्टू का आटा पहुंचा, उसे खाने से लोग बीमार हुए।
इनके यहां से अब तक अग्रवाल ट्रेडर दीपनगर, लक्ष्मी स्टोर बंजारावाला, संजय स्टोर करनपुर, शर्मा स्टोर थाने से आग रायपुर, अग्रवाल ट्रेडर्स केदारपुरम, कोहली ट्रेडर्स आदि बड़े विक्रेताओं के कुट्टू का आटा खरीदने की पुष्टि हुई है। इन दुकानों से पुलिस ने आटा जब्त कर लिया है। पुलिस ने लोगों भी कट्टू का आटा नहीं खाने की अपील की है।
उधर हरियाणा में भी यमुनानगर में ?
नवरात्रे शुरु हो गए है। नवरात्रों पर व्रत में लोग सामक के चावल और कुट्टू के आटे से बनी रोटियां खाते है। वहीं कुट्टू के आटे से बनी रोटियां व पूरी खाने पर अंबाला और यमुनानगर जिले में 120 लोगों की तबीयत खराब हो गई। इन लोगों को अस्पताल पहुंचना पड़ा। अंबाला में 27 और यमुनानगर में 93 लोग बीमार हुए हैं।
बताया जा रहा है कि बीमार हुए लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त लगे हुए है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने करियाना दुकानों व जिस चक्की से आटा सप्लाई हुआ, वहां से पांच सैंपल लिए गए हैं। जांच के बाद ही पता चलेगा कि आटे में मिलावट की गई थी या नहीं। बीमार हुए सभी लोगों ने अलग-अलग दुकानों से आटा खरीदा था। जब लोगों के बीमार पड़ने की सूचना फैली तो यह दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। सोमवार को भी करियाना की दुकानें बंद रही। अभी तक यही सामने आया कि पुराना आटा मिक्स किया गया है।
