हरियाणा के हिसार स्थित गांव चौधरीवास में गोरछी मोड़ पर शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों व रोहतक STF के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है वह दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहे।

घायल बदमाश की पहचान यश पुत्र राजपाल निवासी गांव खेवड़ा सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल बदमाश यश को हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस को यश से एक ऑटोमेटिक पिस्टल भी बरामद हुआ है।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली STF रोहतक में शामिल एसआई नरेश कुमार को भी लगी। मगर बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने के कारण एसआई की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस को घटनास्थल से बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली के करीब 7 खोल बरामद हुए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने एसआई नरेश कुमार की शिकायत पर बदमाश सोनीपत निवासी यश, हिसार के गांव गोरछी निवासी प्रदीप चेयरमैन, बासड़ा निवासी संदीप डूडी के खिलाफ धारा 109 (1), 121(1), 132, 221 BNS या 25(1-B) आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
बता दें कि घायल बदमाश यश ने अपने साथी विशाल के साथ मिलकर 5 जनवरी को भिवानी के खरक पाना मामनान निवासी शराब कारोबारी प्रदीप पर गोलियां चलाई थी। 5 जनवरी को प्रदीप अपनी फॉरच्यूनर गाड़ी में ऑटो मार्केट गया था।
प्रदीप का भाई नवीन भी उसके साथ था। जब उनकी कार रविदास मंदिर के पास पहुंची तो शाम के समय करीब साढ़े 5 बजे बाइक सवार बदमाशों ने शराब ठेकेदार प्रदीप पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली प्रदीप के बाजू से निकलकर पीछे बैठे भाई नवीन की बाजू में लग गई।
इसके बाद बदमाशों ने दूसरी गोली चलाई तो ठेकेदार ने गाड़ी में झुककर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी युवक यश और विशाल धमकी देकर मौके से भाग गए। इन बदमाशों ने लॉरेंस बिश्नोई व रोहित गोदारा के कहने पर ही गोली चलाई थी। यश रोहित गोदारा का खास गुर्गा है। इसके बाद से ही रोहतक STF बदमाश यश के पीछे लगी हुई थी।
