हरियाणा के 7 जिलों में रविवार सुबह बादल छाए हैं। इनमें पानीपत, करनाल, सोनीपत, हिसार, भिवानी, रोहतक और जींद शामिल हैं। यमुनानगर में सुबह से तेज बारिश हो रही है। इसके अलावा पंचकूला और पलवल में धुंध छाई। ग्रामीण क्षेत्रों में विजिबिलिटी 10 से 50 मीटर तक रही।

मौसम विभाग का मानना है कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर आज भी देखने को मिलेगा। आज उत्तरी इलाके के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, अंबाला और पंचकूला शामिल हैं। कुछेक स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
वहीं पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से आने वाले दिनों में हरियाणा में कोहरे, कोल्ड वेव और कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिलेगी। कुछ जगहों पर धुंध भी पड़ सकती है। 13 जनवरी से फिर मौसम में बदलाव होगा। तापमान और गिरेगा और शीतलहर चलेगी।
हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 13 जनवरी से तेज सर्दी का तीसरा दौर फिर से आरंभ होगा। इस महीने 20 दिन तक शीतलहर चलेगी। 13 जनवरी से तापमान में और गिरावट आएगी।
पिछली 4 रात से पारा काफी नीचे लुढ़का है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फ पिघलने से ठंड का असर बढ़ेगा। वहीं, हवा की रफ्तार भी बढ़ेगी।
कल 11 जनवरी को प्रदेश में राज्य में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हुआ था। 9 जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई। इनमें रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, नारनौल (महेंद्रगढ़), रोहतक, जींद, सोनीपत और पानीपत शामिल हैं। पानीपत और सिरसा में रात तक बारिश चली। हिसार में सुबह 10 बजे बारिश शुरू हुई थी, जो शाम को 5 बजे बंद हुई।
