फतेहाबाद में बुधवार रात एक युवक ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। खुदकुशी से पहले उसने 41 सेकेंड का वीडियो जारी किया। जिसमें उसने उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने वालों के नाम लिए। युवक ने कहा कि उसने इनके पैसे दे दिए थे लेकिन फिर भी आरोपी उसे धमकी दे रहे थे।

आधी रात को जहर निगलने के बाद परिजन उसे तुरंत अग्रोहा मेडिकल अस्पताल में ले गए। जहां गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। इसका पता चलने के बाद शहर थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में पता चला कि भाटिया कॉलोनी का रहने वाला कर्ण नाम का यह युवक फतेहाबाद की पपीहा पार्क में रेहड़ी लगाता था। उसने कुछ फाइनेंसरों से ब्याज पर रुपए ले रखे थे। इसकी जानकारी वह वीडियो में भी दे रहा है।
खुदकुशी करने वाले युवक के परिजनों के मुताबिक कर्ण ने रात करीब डेढ़ बजे जहर खाया। उन्हें नहीं पता था कि इस पर कितना कर्जा था। इसने कब कर्ज लिया और कब चुकाया। उसे कर्ज देने वाले फाइनेंसर कौन हैं और यह उनके संपर्क में कैसे आया। उन्हें तो इस खुदकुशी करने से पहले बनाए वीडियो के बारे में भी पता नहीं था।
खुदकुशी करने वाला युवक कर्ण 21 साल का था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। उसके पिता की भी कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसने खुदकुशी से पहले बनाए वीडियो में भी यह बात बताई।
