हरियाणा में बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल की 25 अक्टूबर को रिलीज हुई फिल्म दो पत्ती पर उठे विवाद का मामला पीएम मोदी तक पहुंच गया है। इससे पहले सर्व हुड्डा खाप ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की थी। खाप के पदाधिकारियों ने सीएम से कार्रवाई की मांग की थी।
16 नवंबर को गुरुग्राम के राजेंद्र पार्क थाने में फिल्म दो पत्ती के निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस करवाने के लिए शिकायत दर्ज करवाई थी। लेकिन अभी तक एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई। वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर सर्व हुड्डा खाप की ओर से गठित कमेटी के सदस्य सुरेंद्र हुड्डा ने पीएम नरेंद्र मोदी से सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दो पत्ती फिल्म के विवादित शब्दों को हटाने की अपील की है।
अब दो पत्ती का विवाद मामला गर्माता जा रहा है। इसको लेकर अब सर्व हुड्डा खाप को फैसला लेना होगा। इसके लिए सर्व हुड्डा खाप की उच्चाधिकारी प्राप्त समिति के सदस्य सुरेंद्र हुड्डा ने पत्र लिखा है। इस फिल्म पर हुड्डा गौत्र को बदनाम करने का आरोप लगाया है। हुड्डा खाप का कहना है कि 25 अक्टूबर को रिलीज हुई फिल्म दो पत्ती में हुड्डा गोत्र पर टिप्पणी की गई है। इस टिप्पणी को फिल्म से हटाया जाना चाहिए और फिल्म निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और इसे प्रसारित करने वाले ओटीटी प्लेटफॉर्म के कर्ताधर्ता को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
हुड्डा खाप का कहना है कि फिल्म ‘दो पत्ती’ में एक सीन है, जिसमें एक कलाकार पर कोर्ट में आरोप लगाया जाता है, जो कह रहा है, ‘हत्या यह नहीं होती। हत्या तो वह थी जो हमारे पड़ोस में हुड्डा रहते हैं, जिन्होंने अपनी बहू को सरेआम जिंदा जला दिया।’ हुड्डा खाप को फिल्म में की गई इस टिप्पणी पर आपत्ति है।
25 अक्टूबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर फिल्म दो पत्ती रिलीज होने के बाद 10 नवंबर को रोहतक के बसंतपुर गांव स्थित सर्व हुड्डा खाप के ऐतिहासिक चबूतरे पर पंचायत हुई थी। इसमें खाप के 45 गांवों के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया था। इसमें एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया गया था।
सुरेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कमेटी के सदस्यों ने सीएम सैनी से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने बताया कि फिल्म दो पत्ती के एक डायलॉग से जाट समाज के हुड्डा गोत्र को बदनाम किया जा रहा है। इस विवादित मामले को लेकर सीएम सैनी से मुलाकात हो चुकी है। जिस तरह से फिल्म में हुड्डा गोत्र को बदनाम करने की साजिश की गई है, यह आपराधिक मामला है।
सर्व हुड्डा खाप की उच्चाधिकार प्राप्त समिति के सदस्य व सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह हुड्डा ने सर्व हुड्डा खाप के पदाधिकारियों व सदस्यों को संबोधित एक महत्वपूर्ण पत्र के माध्यम से दुख जताया है। जिसमें लिखा कि फिल्म “दो पत्ती” के निर्माता, निर्देशक, अभिनेता व उसे प्रसारित करने वाले ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर की गई पुलिस शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार पुलिस का मानना है कि यह एक आपराधिक मामला नहीं है। जबकि हम सभी जानते है कि यह एक आपराधिक षड्यंत्र के तहत जाट समाज के हुड्डा गोत्र को बदनाम करने का मामला है, जिसे हमारी आपत्ति दर्ज करने के बाद भी निरंतर प्रसारित किया जा रहा है।
सुरेंद्र हुड्डा ने प्रदेश सरकार ने दो पत्ती फिल्म में प्रसारित हो रहे आपत्तिजनक संवाद में अभी तक कोई कार्यवाही नहीं होने पर कहा कि “मैं बेहद दुखी हूं, कि अभी तक फिल्म के माध्यम से सार्वजनिक रूप से जाट समाज के हुड्डा गोत्र को बदनाम करने वालों के विरूद्ध कोई भी न्यायोचित कार्यवाही नहीं हुई और ना ही हरियाणा प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को फिल्म के आपत्तिजनक संवाद से “हुड्डास” शब्द को हटाने के लिए लिखा है।”
विवादित संवाद और उसे नहीं हटाने के मामले पर हुड्डा ने कहा कि यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है। जहां एक और सरकार व सरकार का नेतृत्व करने वाले राजनेता सार्वजनिक रूप से गोधरा कांड पर सफाई देने वाली फिल्म को प्रमोट कराने की हर कोशिश कर रहे हैं। वहीं फिल्म “दो पत्ती” जाट समाज के हुड्डा गोत्र को निरंतर बदनाम कर रही है जिस पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
