हरियाणा के 9 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने यमुनानगर और करनाल में भारी बारिश और पंचकूला, अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, सोनीपत, पानीपत व सिरसा में सामान्य बारिश का अनुमान जारी किया है। इनमें से 5 जिले में अगले 3 घंटों में बारिश संभव है। विभाग ने 3 बजे तक बारिश की चेतावनी दी है। अन्य 13 जिलों को लेकर कोई अलर्ट नहीं है।
चंडीगढ़ सहित हरियाणा के 5 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 3 घंटे के लिए है। इस दौरान अगले 3 घंटों में चंडीगढ़ के साथ अंबाला, करनाल, कुरूक्षेत्र, पंचकूला और यमुनानगर में कई स्थानों पर बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है।
हालांकि, बारिश के बाद भी दिन के अधिकतम तापमान में कोई खास फर्क नहीं देखा गया। सिरसा सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को हरियाणा में सबसे ज्यादा बारिश मेवात में हुई। यहां 5MM तक पानी गिरा।
चंडीगढ़ और पंजाब में भी मौसम खराब बना हुआ है। मौसम विभाग ने पंजाब के 12 जिलों में आज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला और जालंधर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर में यलो अलर्ट जारी है।
उधर, हिमाचल प्रदेश में 7 जुलाई तक बारिश के आसार हैं, लेकिन मानसून कमजोर पड़ने की वजह से बारिश नहीं हो रही। आज भी राजधानी शिमला सहित अन्य जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
फरीदाबाद में बुधवार की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिसके चलते न तो धूप खिली और न ही बरसात हुई। हवा बंद होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ रही है। बता दें कि 28 जून के बाद बीते कल फरीदाबाद के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई थी, जिसके चलते उमस और बढ़ गई।
मौसम विभाग ने पंजाब में तहसील स्तर पर राजपुरा, डेराबस्सी, मोहाली, बस्सी पठाना, खरड़ और रूपनगर में मीडियम बारिश, आसमानी बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पटियाला, नाभा, फतेहगढ़ साहिब, अमलोह, बस्सी पठाना, खन्ना, पायल, खमानो लुधियाना पूर्वी , चमकौर साहिब, समराला, नवांशहर, आनदंपुर साहिब, गढ़शंकर नंगल, बाबा बकाला, अमृतसर, अजनाला, भुलत्थ, दसूहा, मुकेरियां और गुरदासपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई है। यह अलर्ट दोपहर सवा एक बजे तक है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के कई इलाकों में बीती रात को भारी बारिश हुई है। मंडी के कटोला में रातभर में 154 MM और पंडोह में 106 MM बारिश हुई। इससे ब्यास नदी और सुकेती खड्ड का जल स्तर बढ़ा है। भारी बारिश के कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर पंडोह के समीप लैंडस्लाइड हो गया। इसकी चपेट में कैंची मोड़ पर सड़क किनारे चार-पांच दिन से खड़ा एक ट्रक भी आ गया।लैंडस्लाइड के बाद हाईवे वन-वे हो गया। पहली ही भारी बारिश से पंडोह में NHAI द्वारा हाल ही में लगाया गया डंगा भी धंसने लगा है। इससे सड़क के फिर से बंद होने का खतरा पैदा हो गया है। भारी बारिश के बाद मंडी में 62 सड़कें और 126 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़ गए हैं।
पंजाब के होशियारपुर में बारिश और आंधी की वजह से कई जगह पेड़ टूट गई। इस वजह से मियाणी-दसूहा रोड बंद हो गई है। अभी यहां ट्रैफिक बंद है। फॉरेस्ट विभाग की टीम यहां पेड़ हटाने के लिए पहुंच गई है।
