हरियाणा के सोनीपत में 5 साल की मासूम बच्ची को कार ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची अपने माता-पिता के साथ ईंट-भट्टे पर जा रही थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं फरार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलरूप से बिहार के गांव पेटरोनी जिला नवादा निवासी कमलेश सोनीपत के गांव सिलाना के एक ईट-भट्टे पर काम करता है। सुबह कमलेश अपनी पत्नी व पांच वर्षीय बेटी नेहा के भट्टे की तरफ जा रहा था। रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने कमलेश की 5 वर्षीय बेटी नेहा को टक्कर मार दी, जिससे नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। कार चालक मौका पाकर फरार हो गया। घायल नेहा को वे पीजीआई रोहतक ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद नेहा को मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि सोनीपत में पिछले 4 दिनों के भीतर 3 बच्चियों की मौत हो चुकी है। दिवाली के बाद से ही सड़क हादसे यहां मासूमों की जान ले रहे हैं। इससे पहले शनिवार को हिसार से अपने पिता विष्णु और मां सरिता के साथ भैया दूज पर मामा के घर सोनीपत जा रही हर्षिका गांव कथूरा के पास हादसे का शिकार बनी। ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी थी। अगले दिन बच्ची की मां सरिता की भी मौत हो गई थी।
छोटी दिवाली पर बहालगढ़ के पास ट्रक की टक्कर से बाइक से गिरने से दो साल की अवनी की मौत हो गई थी। वह अपने पिता विकास और मां मोनिका के साथ दिवाली पर्व पर अपने गांव यूपी के ईकड़ी में जा रहे थे। हादसे में माता-पिता को भी चोटें आई थी।
