हरियाणा के सोनीपत में बीती रात को बदमाशों व पुलिस के बीच एनकाउंटर हो गया। बहालगढ़ क्षेत्र में खेवड़ा गांव के पास लूटपाट की फिराक में छिपे बदमाशों को पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने घेरा तो पूरा इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। इसमें भाऊ गैंग के दो शार्प शूटरों को गोलियां लगी हैं। दोनों को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनको पीजीआई रेफर कर दिया।
दोनों बदमाश गोहाना में मातूराम हलवाई की शॉप पर एक करोड़ रुपए की फिरौती के लिए की गई फायरिंग में शामिल बताए जा रहे हैं। इन पर पहले भी हत्या व अन्य धाराओं में केस दर्ज हैं। पुलिस इनकी क्राइम हिस्ट्री खंगाल रही है। थाना बहालगढ़ में इनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बदमाशों की पहचान हिसार के नारनौंद क्षेत्र के गांव डाटा निवासी प्रवीण उर्फ पहलवान और नारनौंद की गौतम कॉलोनी निवासी हिमांशु के तौर पर हुई है। प्रवीण पर 50 हजार रुपए का इनाम था।
जानकारी के अनुसार सोनीपत STF की टीम शुक्रवार रात को गश्त के दौरान सूचना मिली कि गांव खेवड़ा के पास NH 334 B के पास सुनसान इलाके में दो बदमाश वहां से गुजर रहे लोगों को लूटने की फिराक में हैं। एसटीएफ डीएसपी इंडीवर व इंस्पेक्टर योगेंद्र दहिया ने इस पर टीम गठित की और मौके पर रेड की। पुलिस का कहना है कि STF टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने गोलियां चला दी
इस पर STF के जवानों ने भी बचाव में फायर किए। इसमें भाग रहे बदमाशों के पांवों में गोलियां लगी। इसके बाद टीम ने उनको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ लिया और पुलिस की गाड़ी में सोनीपत अस्पताल पहुंचाया। बदमाशों ने अपने नाम प्रवीण उर्फ पहलवान निवासी गांव डाटा और हिमांशु निवासी नारनौंद बताए। ये हिमांशु भाऊ गैंग के शार्प शूटर हैं। दोनों से 2 तमंचे व 6 कारतूस बरामद किए गए हैं। एनकाउंटर के दौरान यहां करीब आधा दर्जन गोलियां चली हैं।
थाना बहलागढ़ के इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि सोनीपत में एनकाउंटर में दो बदमाश प्रवीन उर्फ पहलवान व हिमांशू घायल हुए हैं। पुलिस ने इनको गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मातूराम हलवाई फायरिंग केस में शामिल रहे हैं। इनमें से प्रवीण पर 50 हजार रुपए का इनाम था। इनसे दो पिस्तौल व कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
