हरियाणा में सभी 22 जिलों में कोरोना संक्रमण फैल गया है। सूबे के सभी जिलों में एक्टिव मरीज मिले हैं। 24 घंटों में 965 नए केस सामने आए हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 4535 पहुंच गई है।सबसे ज्यादा गुरुग्राम में 2532 सक्रिय मामले है। वहीं, पॉजिटिविटी दर 11.86 फीसदी पहुंच गई है।
रिकवरी दर 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.57 फीसदी रिकॉर्ड की गई है। राहत की बात यह है कि मृत्यु दर सूबे में 1.01 प्रतिशत पर स्थिर बनी हुई है।

हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनिल विज ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया को पत्र लिखकर तापमान के भंडारण के लिए वायल मॉनिटर इंडिकेटर लगाए जाते है, उसी प्रकार से अन्य दवाओं जैसे कि एंटी-रेबीज वैक्सीन, इन्सुलिन और टिटनेस आदि की वायल पर भी वायल मोनिटर इंडिकेटर लगाए जाने चाहिए ताकि उनका उचित तापमान पर भंडारण सुनिश्चित किया जा सकें।हरियाणा में उचित भंडारण की स्थिति को बनाए रखने के लिए, फॉर्म 20-बी और फॉर्म 21-बी पर लाइसेंस रखने वाले प्रत्येक लाइसेंसधारी को रेफ्रिजरेटर में डेटा लॉगर के साथ एक डिजिटल थर्मामीटर स्थापित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव को आदेश जारी किए हैं। आदेशों में कहा गया है कि रेफ्रिजरेटर को चौबीसों घंटे चलने वाली स्थिति में बनाए रखने के लिए परिसर में उचित पावर बैकअप भी होना चाहिए।
स्टेट ड्रग कंट्रोलर ने जानकारी दी है कि एंटी-रेबीज वैक्सीन, इंसुलिन, टिटनेस टॉक्साइड इत्यादि जैसी दवाओं के भंडारण की स्थिति के उचित रखरखाव की जांच करने के लिए विभाग द्वारा कोल्ड स्टोरेज यानी 2 डिग्री सेंटीग्रेड से 8 डिग्री सेंटीग्रेड की आवश्यकता होती है। उन्होंने आगे बताया कि अब तक 162 केमिस्ट दुकानों का निरीक्षण किया गया है, जिनमें से 10 को सील कर दिया गया है, जिनमें रेफ्रिजरेटर बंद पाए गए हैं।
