हरियाणा में मौसम में एक बार फिर से दोपहर बाद बदलाव दर्ज किया गया है। अब आने वाले तीन दिन तक मौसम में परिवर्तन बना रहेगा। मंगलवार दोपहर बाद से ही बादल छाने लगे हैं और अब बुधवार व गुरुवार को भी दोपहर बाद तक बूंदाबांदी के आसार बने हैं। तेज हवाएं चलेंगी। इस परिवर्तन ने किसानों की चिंताएं भी बढ़ा दी है। हालांकि मंगलवार को तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इसके कारण गर्मी ज्यादा महसूस की गई। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
माैसम में गर्मी बढ़ने के साथ चिड़ियाघर में जीव जंतुओं की परेशानी भी बढ़ने लगी है। गर्म हवाओं के झाेंके चलने शुरू हाे गए हैं। इसके कारण सभी जीव-जंतु गर्मी से परेशान हाेने लगे हैं। इस बार गर्मी में सबसे ज्यादा परेशान चिड़ियाघर में सोनू-स्टेला भालू का जाेड़ा है, जाे मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के ठंडे इलाके का रहने वाला है। भालू को गर्मी सबसे ज्यादा सता रही है। कभी बाड़े के अंदर तो कभी घास में लोट-पोटकर गर्मी भगाने का प्रयास करते हैं। दूसरी तरफ तेंदुओं काे भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हिरण भी चारा खाने के बाद दिनभर छांव तलाशता है।
