चंडीगढ़, 7 नवंबर। हरियाणा में डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार एडवाइजरी जारी करने के बावजूद डेंगू के मामलों में तेजी देखने को मिली है। प्रदेश में 1 जनवरी से 6 नवंबर 2026 तक डेंगू के कुल 903 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 800 से ज्यादा मामले पिछले करीब तीन महीनों में दर्ज हुए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 6 अगस्त 2026 तक प्रदेश में डेंगू के केवल 105 मामले सामने आए थे। इसके बाद मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई। हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस बार डेंगू के मामले कम हैं। 1 जनवरी से 5 नवंबर 2025 तक प्रदेश में डेंगू के 1,982 मामले दर्ज किए गए थे। राहत की बात यह है कि इस साल अब तक डेंगू से किसी मरीज की मौत का मामला सामने नहीं आया है।

पंचकूला में सबसे ज्यादा 106 मामले

स्वास्थ्य विभाग के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, इस साल पंचकूला में सबसे ज्यादा 106 डेंगू के मामले सामने आए हैं। इसके बाद सोनीपत में 81, करनाल में 77, फरीदाबाद और गुरुग्राम में 75-75 तथा झज्जर में 62 मामले दर्ज किए गए हैं।

69,498 लोगों को जारी किए नोटिस

मच्छरों की ब्रीडिंग रोकने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने कार्रवाई की है। नगरपालिका उप-नियम (वेक्टर जनित बीमारियों पर नियंत्रण)-2010 के तहत प्रदेश में कुल 69,498 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।

इनमें स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 66,211 और शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने 2,287 नोटिस जारी किए हैं। विभाग की चेकिंग के दौरान प्रदेशभर में करीब 1.41 लाख घरों में मच्छरों का लार्वा मिलने की जानकारी सामने आई है।

हेल्थ डीजी बोले- बचाव के लिए सावधानी जरूरी

हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विभाग लगातार जरूरी कदम उठा रहा है। लोगों के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी भी जारी की गई है। उन्होंने नागरिकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने और मच्छरों को पनपने से रोकने की अपील की।

घरों में पानी जमा न होने दें, मच्छरों से करें बचाव

डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की सलाह के अनुसार लोगों को अपने घरों और आसपास साफ-सफाई रखनी चाहिए। कूलर, गमले, टायर, छतों और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें। पूरी बाजू के कपड़े पहनें और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़े बताते हैं कि डेंगू की रोकथाम में सरकारी कार्रवाई के साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!