चरखी दादरी में दिनदहाड़े थाना शहर के सामने 30 राउंड फायरिंग कर 7 युवाओं को घायल करने वाले तीनों आरोपी पुलिस ने पकड़ लिए हैं। पुलिस मुठभेड़ में गोलीकांड का मुख्य साजिशकर्ता घायल हुआ। उसे अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार ने बताया कि दादरी फायरिंग मामले में दो अन्य साजिशकर्ता भी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं।
दादरी शहर में हुई गोलीबारी की घटना के आरोपियों की तलाश में CIA टीम द्वारा बौंद-कलानौर लिंक रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहन HR19U-6405, मारुति फ्रॉन्क्स, सफेद रंग की तलाश शुरू की गई।
नाकाबंदी के दौरान उक्त वाहन कलानौर की तरफ से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया। वाहन में सवार एक व्यक्ति नीचे उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा। आरोपी द्वारा चलाई गई गोली पुलिस के सरकारी वाहन के बंपर पर लगी।
पुलिस टीम ने आरोपी को हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा एवं आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी को काबू कर लिया तथा उसके कब्जे से अवैध पिस्तौल बरामद की
पुलिस द्वारा काबू किए गए आरोपी की पहचान रोहित उर्फ कातिया के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दादरी शहर में हुई गोलीबारी की घटना की साजिश में शामिल होना स्वीकार किया । पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट सहित विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज
दादरी शहर में हुई फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले पुलिस ने आरोपियों को भी गिरफ्तार किया ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रीत और युदबिन्दर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका, वारदात की योजना तथा अन्य संबंधित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है
चरखी दादरी में सिटी थाने के सामने हुई फायरिंग मामले में 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। सूत्रों की मानें तो इन सभी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी क्विक रेस्पॉन्स टीम में लगी थी। वहीं, अस्पताल सूत्रों का कहना है कि हमले में घायल सभी सात लोगों के शरीर से 20 गोलियां निकाली गई हैं।
शुक्रवार दोपहर पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित कातिया को मुठभेड़ में पकड़ा था। ये मुठभेड़ चरखी दादरी के बोंद में हुई। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में शामिल साहूवास के प्रीत और भिवानी के सांगा गांव के युद्धविंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये पूरा विवाद चार एकड़ जमीन को लेकर हुआ। बाढ़डा थाने में इस मामले में केस भी दर्ज है। मामले में अमित फतेहगढ़िया का नाम मुख्य रूप से शामिल है।
रोहित कातिया का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कुछ सवालों के जवाब दे रहा है। उसने कहा, हम अमित को मारने आए थे। इसकी पूरी प्लानिंग दादरी के साहूवास में ही की गई। बताया जा रहा है कि वीडियो पुलिस पूछताछ के दौरान का है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।


