हरियाणा के करनाल के तीन श्रद्धालुओं की यूपी में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि 5 घायल हो गए। ये सभी लोग कांवड़ यात्रा में शिविर लगाने के बाद गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे।

सभी आठों श्रद्धालु ईको कार में सवार थे। यूपी के सहारनपुर में पहुंचते ही उनकी कार सड़क किनारे खड़ी खाद से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि 3 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना पर पहुंची सहारनपुर पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां से एक को चंडीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चार अन्य घायलों को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भेज दिया गया।

यूपी पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार की वजह से यह हादसा हुआ। क्षतिग्रस्त कार को भी कब्जे में ले लिया है।

वहीं रिश्तेदार ने बताया रात करीब 12 बजे जैसे ही इको गाड़ी सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र के पिंगोटा गांव के नजदीक पहुंची तो सामने से एक बड़ी गाड़ी आ रही थी। उसने ऊपर वाली लाइट मारी, जो ड्राइवर की आंखों में लगी। इससे सामने कुछ भी नजर नहीं आ पाया और ईको सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। मृतक रिंकू के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिसमें एक लड़का और एक लड़की है। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी बार-बार बेहोश हो रही है। उधर मृतक पृथ्वी सिंह के दो लड़के है, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है और एक अविवाहित है। वहीं, मृतक मोतीराम के चार बच्चे है, जिसमें दो लड़के और दो लड़कियां है। इन सभी की शादी हो चुकी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!