रोहतक नगर निगम की बुधवार को अंतिम हाउस की बैठक हुई। जिसमें कुल 253 एजेंडे रखे गए। इन सभी को सर्वसम्मति से पास किया गया। 2018 में चुने गए नगर निगम के मेयर व पार्षदों के कार्यकाल की यह आखिरी मीटिंग मानी जा रही है।
इस दौरान नगर निगम मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि उन्होंने बेहतर काम करने का प्रयास किया। जो कमी रही, उसके लिए फंड की कमी को कारण बताया। उन्होंने कहा कि जो फंड सरकार से मिला, वह तो सफाई व कर्मचारियों के वेतन में ही चला गया। जबकि, शहर के विकास के लिए काफी कम फंड बचा।
जिसके कारण कई काम नहीं हो पाए। वहीं, कुछ कार्य चंडीगढ़ मुख्यालय भेजे हुए हैं। जिनकी मंजूरी मिलने के बाद वे पूरे हो पाएंगे।
नगर निगम के आयुक्त जितेंद्र कुमार ने बताया कि मीटिंग में दो तरह के एजेंडे थे, एक जो सभी पार्षदों ने रखे। वहीं, दूसरे वे जो विभिन्न ब्रांचों द्वारा रखे गए। सभी एजेंडों को सर्वसम्मति से पास किया गया है। कुछ एजेंडे ऐसे हैं, जो सब कमेटी में जाएंगे। जो अगली मीटिंग होगी, उसमें रखे जाएंगे। जैसे-जैसे फंड उपलब्ध होंगे, वैसे-वैसे काम शुरू होता चला जाएगा।
- जींद रोड, जींद चौक, दिल्ली बाइपास चौक का नाम गुरु तेग बहादुर रोड व शहीद गुरु तेग बहादुर चौक रखा जाए।
- नगर निगम की भूमि पर तीन 33 केवी के सब स्टेशन बनाए जाए।
- दिल्ली रोड पर ही मैना टूरिस्ट प्लेस की खाली जमीन में नगर निगम कार्यालय के लिए बिल्डिंग बनाने का एजेंडा रखा गया।
- नगर निगम के कर्मचारियों के लिए फ्लेट्स का निर्माण सुनारिया गांव के निगम की भूमि में करने का प्रस्ताव लाया गया।
- कारगिल शहीदों की याद में विजय द्वार बनाने का एजेंडा रखा गया।
