रोहतक में दो लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। एक को ऑनलाइन काम करके पैसे कमाने का लालच दिया गया। उसके दो खातों से 81,574 रुपए ठग लिए गए। दूसरे व्यक्ति से क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ओटीपी पूछकर 65,438 रुपए निकाल लिए गए। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रोहतक के गांव भैयापुर लाढ़ौत निवासी नवीन कुमार ने सदर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर को उनके फोन पर एक कॉल आई। दूसरे व्यक्ति ने ऑनलाइन काम करने के नाम पर उनका नंबर टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया। उन्हें आसान ऑनलाइन काम करने को कहा गया और बदले में 400 रुपये दिए गए।

अगले काम के नाम पर उनका अकाउंट खुलवाया गया और वॉलेट बनाया गया। जिसमें उनके बैंक खातों से पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 81,574 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। फिर उन्हें बताया गया कि अकाउंट फ्रीज हो गया है। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो उन्हें ब्लॉक कर दिया गया। धोखाधड़ी का पता चलने पर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में की।

रोहतक के गांव बैंसी निवासी दीपक शर्मा ने लाखनमाजरा थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को उनके फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने दीपक से कहा कि चूंकि वह बैंक के नियमित ग्राहक हैं, इसलिए कार्ड की लिमिट बढ़ाई जा रही है। साथ ही कैश बैक भी दिया जा रहा है। यह झांसा देकर उसने ओटीपी पूछ लिया और क्रेडिट कार्ड से 65 हजार 438 रुपये निकाल लिए।

जब पैसे कटने का मैसेज आया तो उन्होंने दोबारा कॉल करने वाले से बात की तो उसने कार्ड की लिमिट बढ़ाने की बात कही। कुछ देर बाद उसने अपना फोन बंद कर लिया। जिसके बाद उन्हें शक हुआ और उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!