कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 में एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया के घर गन प्वाइंट पर हुई करीब सवा 3 करोड़ रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल और प्रिंस निवासी पानीपत तथा साहिल और अंश निवासी सोनीपत के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी नकाब पहनकर घर में दाखिल हुए और पिस्टल के बल पर एडवोकेट की पत्नी को बंधक बना लिया।
6 अगस्त की रात हुई थी वारदात
एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 6 अगस्त की रात करीब साढ़े 9 बजे वह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए घर से निकले थे। करीब 10 बजे जब वह वापस लौटे तो उनकी पत्नी सुषमा वालिया के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और उनके मुंह पर टेप लगी हुई थी।
एडवोकेट ने बदमाशों का विरोध किया तो उनके साथ हाथापाई भी हुई। इसके बाद दो बदमाशों ने पिस्टल तानकर उन्हें डराया और घर की तिजौरी व डिजिटल लॉकर खुलवाया।
कैश और सोने-चांदी के जेवर ले गए
बदमाश घर से करीब 17 से 20 लाख रुपये कैश, डेढ़ से दो किलो सोना और करीब चार किलो चांदी के जेवर लेकर फरार हुए थे। इसके अलावा आरोपी घर में लगा डीवीआर भी अपने साथ ले गए। उन्होंने एडवोकेट की लाइसेंसी रिवॉल्वर की 30 गोलियां भी उठा ली थीं।
बदमाश ने खुद दे दिया बड़ा सुराग
इस मामले में एक अहम बात सामने आई। एडवोकेट के मुताबिक, एक बदमाश जब उन्हें पिस्टल दिखाकर तिजौरी और डिजिटल लॉकर तक ले जा रहा था, तब उसने 20 मार्च को इसी घर में हुई चोरी का जिक्र किया था।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर आरोपियों को घर में रखे कैश और जेवर के बारे में पहले से जानकारी कैसे मिली।
ब्लाइंड केस को ऐसे सुलझाया
SP चंद्र मोहन के मुताबिक, शुरुआत में मामला पूरी तरह ब्लाइंड केस था। आरोपी नकाब में थे और जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया गया उसका नंबर भी पुलिस के पास स्पष्ट नहीं था। ऊपर से आरोपी घर का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।
इसके बावजूद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने टेक्निकल जांच, साइबर सहायता और CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों को ट्रेस किया और गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों से कुछ कैश बरामद करने का भी दावा किया है। फिलहाल आरोपियों का क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी साजिश में आरोपियों के अलावा कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। Part 8
